मुलाना/बराड़ा। प्यार के जाल में फंसाकर लाखों रुपये की डिमांड करने वाली युवती को पुलिस ने काबू कर लिया है। यह महिला यमुनानगर की रहने वाली है, जबकि पुलिस इस युवती के पांच अन्य साथियों की तलाश में है। इस संबंध में साहा के रहने वाले एक व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि कैसे इस युवती ने उसे जाल में फंसाकर ब्लैकमेल किया।
उल्लेखनीय है कि पुलिस शिकायत में साहा निवासी इस व्यक्ति ने बताया था कि एक सोची समझी साजिश के तहत युवती ने उसे फोन कर उसे अपने जाल में फंसाया और फिर उसके साथ आपत्तिजनक हालत में उसे उसके साथियों ने पकड़ लिया। इसके बाद शुरु हुआ सौदेबाजी का खेल, जिस में इन लोगों ने शिकायतकर्ता से करीब पचास लाख रुपये की डिमांड कर दी। बाद में मामला तेरह लाख रुपये में तय हुआ।
इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने मोबाइल नंबर को ट्रेस किया और इस शातिर युवती को काबू कर लिया। बताया जाता है कि यह युवती यमुनानगर की रहने वाली है। पुलिस का कहना है इस युवती ने सारे आरोप कबूल कर लिए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि वह उसे कुछ युवक मिले व उसे बताया कि एक प्लान के तहत वे एक झटके में अमीर बन सकते हैं।
अमीर बनने के लालच में उसने हां कर दी और फिर शिकायतकर्ता को फोन कर उसे बहकाया। इस सारी साजिश में शिकायतकर्ता फंस गया और युवती के साथ आपत्तिजनक हालत में उसके साथियों ने दबोच लिया। इसके बाद इन सभी ने 50 लाख रुपये की डिमांड की और डील तेरह लाख में पक्की हुई। इस में से दो लाख रुपये युवती को देना भी तय हुआ। युवती ने अपने साथियों के नाम बताए दिए हैं, जबकि पुलिस फिलहाल इस साजिश में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
आरोपी महिला को गिरफ्तार किया जा चुका हैं। अन्य लोगों को पकड़ने के लिए मुलाना पुलिस की छापामारी शुरु कर दी है। जल्द ही उन आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
- सुधीर तनेजा, मुलाना थाना प्रभारी