अंबाला सिटी। शहर नागरिक अस्पताल फिर विवादों में है। एक तरफ तो बच्चों के उपचार के लिए अस्पताल प्रशासन करोड़ों रुपये की योजनाएं शुरू किए हैं। दूसरी तरफ अस्पताल प्रशासन पर बच्चों के मामलों में लापरवाही बरतने के आरोप लगते रहते हैं।
मंगलवार रात अपनी सात माह की बच्ची की मौत के बाद माता पिता को मजबूरन रोष जताना पड़ा। बच्ची की माता का कहना है कि वो अब इस मामले में सीएमओ अंबाला को शिकायत देंगी। जब अधिकारियों से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि बच्ची की मौत का मामला संज्ञान में पूरी तरह से नहीं आया है। अगर कोई शिकायत आएगी तो उचित कार्रवाई होगी।
ये था मामला
बीते मंगलवार को रात करीब 10 बजे अंबाला शहर के पटेल नगर निवासी संजीव भाटिया अपनी सात माह की बेटी वानिया को तबियत बिगड़ने के चलते ट्रामा सेंटर अंबाला सिटी में लेकर आए थे। कुछ ही देर में वानिया को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। दुख से भरे माता पिता ने अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए रोष जताया था।
सीएमओ को कार्रवाई के लिए देंगे शिकायत
मृतका की माता कीर्ति भाटिया ने बताया कि वह इस मामले में अंबाला सीएमओ को शिकायत देंगी। सात माह पहले सिटी नागरिक अस्पताल में ही उसका जन्म हुआ था। बीते कई दिनों से वानिया को उल्टी दस्त और बुखार की समस्या था। बीते रविवार को वह अपनी बेटी को लेकर ट्रामा सेंटर भी पहुंची थी। जहां पर चिकित्सकों ने वानिया को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया। बच्चों के विशेषज्ञ को दिखाने पर पता लगा कि उसमें खून की कमी है। मंगलवार को वानिया की तबियत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
वर्जन
मामला अभी संज्ञान में नहीं आया है और न ही मामले में शिकायत मिली है। अस्पताल में जब भी कभी किसी बच्चे की मौत होती है। उसकी जांच रिपोर्ट मांगी जाती है। शिकायत मिलने पर जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ. राकेश सहल,सीएमओ अंबाला
चिकित्सक मरीज की स्थिति को देख कर भर्ती करता है। मामला संज्ञान में आया है। शिकायत मिलने के बाद ही उचित कार्रवाई होगी।
-डॉ. पवनीश अग्रवाल, चिकित्सक उप अधीक्षक