अंबाला। नशा करने वाली लड़की से युवक की शादी करवाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में युवक के पिता ने आरोप लगाए हैं कि शादी से पहले रिश्तेदारों ने लड़की के न तो घर जाने दिया व न ही मिलने दिया।
शादी के बाद पता चला कि लड़की नशे की आदी है और कई शादियां कर चुकी है। पंजोखरा थाना पुलिस ने तेजिंद्र सिंह की शिकायत पर काजल कौर, परमजीत कौर, सुखविंद्र सिंह, मंजू, जगजीत कौर मिट्ठू, अमरजीत सिंह, सोनिया, शमशेर सिंह पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपियों ने पहले बेटे के लिए लड़की से रिश्ता करने की बात कही थी और सारी जिम्मेदारी ली थी। शादी की तारीख 2 फरवरी 2025 को तय की गई थी लेकिन किसी के देहांत होने के कारण 9 फरवरी रखी गई थी। आरोपियों ने लड़कियों के घर जाने से भी रोका और लड़की से बात तक भी नहीं करवाई। यही कहते रहे कि लड़की साधारण है। कुछ दिन बाद ही लड़की के घर से फोन आया कि डेढ़ लाख रुपये की जरूरत है। पीड़ित ने रुपये भी दे दिए। इसके बाद शादी फतेहगढ़ साहिब नूर महल में हुई। पीड़ित का आरोप है कि शादी के एक सप्ताह बाद पता चला कि लड़की तो नशा करती है और फोन पर बातें करती है। जब वह लड़की के गांव में पूछते हुए घर गए तो पता चला कि वह दर्जनों शादियां कर चुकी है। हर बार सामान व पैसे हड़प लेती है। इस तरह से लड़की व उसके रिश्तेदारों ने धोखे में रखकर जेवर, पांच लाख की नकदी आदि हड़प ली है। परिवार ने पुलिस ने मदद की गुहार लगाई।