अंबाला सिटी। अंबाला सिटी के सेक्टर नौ स्थित पार्क की व्यवस्था को सुधारने के लिए वहां रहने वाले लोगों ने अपने खर्च पर ही पार्क का जीर्णाेद्धार कर मिसाल कायम की है। स्थानीय निवासी सुरेंद्र वत्स ने बताया कि लंबे समय तक वे पार्क के सुधार को लेकर नगर निगम और आला अधिकारियों को लिखते रहे। कुछ हल न निकला तो उन्होंने अपने ही स्तर पर पार्क का सुधार करने का फैसला किया।
उन्होंने अपने ग्रुप की मदद से दो से तीन लाख रुपये खर्च कर पार्क में सभी झूलों को ठीक करवाया है। इसके साथ ही लोगों के बैठने के लिए नए बैंच भी लगवाए हैं। इससे अब क्षेत्रवासियों को भी सैर करने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
इस विशेष समूह में सुरेंद्र वत्स के साथ धर्मपाल दहिया, धर्मपाल गोयल, राकेश शर्मा, राजकुमार छाबड़ा, अशोक कुमार, ललित स्वामी, राजकुमार चढ्ढा, दिवेंद्र पुरी, वेद प्रकाश इत्यादि शामिल हैं। ये सभी सदस्य सेवानिवृत हैं और अपने क्षेत्र में होने वाली समस्याओं को अपने ही स्तर पर हल करने का प्रयास करते रहते हैं।
स्पीकर और लाइटें भी लगवाईं
स्वामी विवेकानंद पार्क समूह ने पार्क में अपनी ओर से ऑडियो स्पीकर भी लगवाए हैं। शाम के समय यहां पर भजन व गीत बजाए जाते हैं। इसके साथ ही किसी सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए भी अलग से व्यवस्था नहीं करनी पड़ेगी। इसके साथ ही पार्क में रोशनी की कमी के कारण परेशानी को देखते हुए अपनी ही तरफ से दो हैलोजन लाइटें लगवाईं हैं। जिससे रात के समय आने जाने में परेशानी न हो। बारिश के दिनों में पानी की निकासी न होने के कारण पार्क में ही जलभराव रहता था। इसलिए समूह ने मिलकर नए ड्रेनेज पाइप डलवाए हैं। जिससे बरसाती पानी आसानी से निकाला जा सके।