नारायणगढ़ की कृष्णा कॉलोनी में बेटे द्वारा किए गए हमले में घायल महिला सुरजीत खान: स्वयं
नारायणगढ़। कृष्णा कॉलोनी में एक मां को बेटे को घर से 10 हजार रुपये उठाने से रोकना महंगा पड़ गया। बेटे ने तैश में आकर मां की जमकर पिटाई कर दी। मां को घसीटकर कमरे में ले गया और थापी से पीटा। इससे उसके शरीर पर नील पड़ दिए।
मां बचने के बाद पुलिस को थाने में शिकायत देकर लौटी तो बेटे ने रात को दोबारा धारदार हथियार से सिर पर वार कर लहूलुहान कर दिया। मौके पर पहुंचे दूसरे बेटे ने मां को उपचार के लिए नारायणगढ़ के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया। महिला ने अपने पति पर भी बेटे के साथ मिलने के आरोप लगाए।
यह मामला 12 जून का है लेकिन नारायणगढ़ थाना पुलिस ने अब आरोपी बेटे हुसैन और पति संजीव खान पर मामला दर्ज कर लिया। यह कार्रवाई बीएनएस की धारा 351-2 धमकी देने और 115 जानबूझकर चोट पहुंचाने की धाराओं के तहत की गई। पीड़ित महिला सुरजीत खान ने बताया कि उसके दो लड़के हैं। आरोपी बेटा नशे का आदी है। 12 जून की रात को 10 हजार रुपये की राशि घर से उठाते हुए रोक दिया था। तभी बेटा हाथ पकड़कर कमरे में ले गया और बहुत मारा। वह डर के मारे मायके में रह रही है।
वर्जन
महिला की शिकायत पर पिता और बेटे पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही उन्हें काबू कर लिया जाएगा।
इंस्पेक्टर ललित, थाना प्रभारी नारायणगढ़।