अंबाला सिटी। धान की कटाई ने आखिरी चरण में जोर पकड़ लिया है। तेज धूप निकलने से धान की कटाई जोरों पर चल रही है। अंबाला खंड वन में नग्गल क्षेत्र के साथ जलबेड़ा क्षेत्र में भी धान की कटाई चल रही है। वहीं, धान की कटाई के साथ ही आलू की बिजाई की जा रही है और गेंहू की बिजाई के लिए किसानों की ओर से तैयारी की जा रही है।
25 अक्तूबर के बाद गेहूं की बिजाई जोर पकड़ेगी। जिले में 88 हजार हेक्टेयर गेहूं का रकबा होता है, इसके साथ ही जिले में 1300 मीट्रिक टन डीएपी खाद आ चुकी है, जबकि कृषि विभाग की ओर से 2600 मीट्रिक टन डीएपी की मांग की गई है। यह खाद भी इसी सप्ताह में जिले में पहुंचेगा। इसमें दो कंपनी के 1300-1300 मीट्रिक टन के रैक आएंगे। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उप निदेशक डॉ. जसविंद्र सैनी ने बताया कि आलू की बिजाई लगभग पूरी होने को है और गेंहू की बिजाई अभी शुरू होगी। पहले डीएपी खाद का एक रैक आया था। अब 2600 मीट्रिक टन के दो अलग-अलग कंपनी के रैक आएंगे।