अंबाला सिटी। सरकारी राशन की दुकानों पर गेहूं नहीं मिलने से आए दिन लोगों को परेशानी हो रही है। लोगों का कहना है कि सरकार की ओर से उन्हें राशन तो पूरा मिल रहा है। राशन में बाजरा अधिक मिल रहा है। जबकि गेहूं नाममात्र ही मिल रही है। जनवरी माह में जहां ढाई किलो गेहूं और ढाई किलो बाजरा प्रति व्यक्ति दिया जा रहा था। फरवरी माह में सिर्फ डेढ़ किलो गेहूं और तीन किलो बाजरा दिया जा रहा है।
बाजरे की जगह मिले गेहूं : साहिल
कपड़ा मार्केट में रहने वाले साहिल ने बताया कि पिछले महीने भी उन्हें गेहूं कम मिली थी। इस महीने भी उन्हें अभी तक राशन नहीं मिला है। उसने कहा कि उनके डिपो पर अक्सर ही राशन की आपूर्ति कम रहती है। इसलिए वे मॉडल टाउन में राशन लेने के लिए आते है। उनकी मांग है बाजरे की जगह उन्हें गेहूं दी जानी चाहिए।
बाजरा का नहीं उपयोग : कृष्ण
रेलवे रोड निवासी कृष्ण कुमार ने बताया कि डिपो की तरफ तो उन्हें राशन पूरा दिया जा रहा है। लेकिन गेहूं के स्थान पर बाजरे से आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि उनके पास बाजरे का कोई उपयोग नहीं रहता है। उन्हें पिछले महीने की गेहूं भी अभी तक नहीं मिली है। उन्होंने सरकार से गेहूं की मात्रा को बढ़ाने की मांग रखी है।
मशीनें नहीं कर रही काम : डिपो संचालक
डीएफएससी कार्यालय में डिपो संचालक नरेश कुमार, सतीश कुमार और जिला अध्यक्ष डिपो होल्डर्स एसोसिएशन अरुण कपूर ने बताया कि कई दिनों से मशीनें नहीं चल रही। नरेश कुमार ने बताया कि वह महीने की एक तारीख को ही राशन वितरण का कार्य शुरू कर देते हैं लेकिन मशीनें खराब होने के कारण अब राशन वितरण में भी समस्या हो रही है।
वर्जन
सरकार की ओर प्रति व्यक्ति राशन की आपूर्ति को पुरा किया जा रहा है। गेहूं की कमी के चलते राज्य सरकार की ओर से बाजरा वितरित किया जा रहा है। मशीनों को लेकर भी चंडीगढ़ रिपोर्ट भेज दी गई है। जल्द ही इसका समाधान हो जाएगा।
अपार तिवारी, डीएफएससी, अंबाला