अंबाला सिटी। अंबाला में सभी मंडियों से उठान लगभग पूरा हो चुका है। जिले की सिर्फ तीन मंडियां है] जिनमें एक फीसदी उठान ही शेष है। अंबाला शहर में शेडों के नीचे करीब दो लाख बोरियां रखी हैं। इन्हें आर्डर के अनुसार भेजा जा रहा है। एजेंसी इस गेहूं को स्पेशल ट्रेन के जरिये विभिन्न राज्यों तक पहुंचाने का काम कर रही है।
शेड के नीचे लगाने से एक तो उठान पूरा हो गया और समय पर भुगतान भी हो रहा है। अब सिर्फ 12 करोड़ रुपए का भुगतान ही बाकी है। जिसे जल्द ही दे दिया जाएगा। गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले ही उठान के लिए आढ़तियों ने अपना रोष जताते हुए मार्केट कमेटी के कार्यालय में धरना दिया था। इस पर संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने गेहूं काे शेड के नीचे रखवाने के निर्देश दिए थे। जिससे उठान में तेजी आई थी।
मंडियों में आवक को देखें तो अभी तक 24 लाख 55 हजार 81 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई है। जिसमें से 24 लाख 45 हजार 56 क्विंटल गेहूं का उठान हो चुका है। खरीद के आधार पर एजेंसियों को 558 करोड़ 53 लाख रुपए का भुगतान करना है। जिसमें से अभी तक एजेंसियों ने 546 करोड़ रुपए का भुगतान कर दिया है जो कि 97 प्रतिशत से अधिक बनता है।जिससे किसानों के साथ साथ आढ़तियों को भी राहत मिली है।
वर्जन
एजेंसी की ओर से मंडी में गेहूं की बोरियों को स्पेशल ट्रेन व अन्य ट्रांसपोर्ट के जरिए दूसरे राज्यों तक भेजा जा रहा है। गेहूं को ऑर्डर और निर्देशों के अनुसार ही अंबाला शहर अनाज मंडी से उठाया जा रहा है।
-अमित कुमार, डीएम हैफेड अंबाला