अंबाला। आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत शहर पुलिस लाइन शौर्य चौक पर हलकारा ए थिएटर ग्रुप कुरुक्षेत्र के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी। रंगकर्मी अमित कुमार चौहान के निर्देशन और डॉक्टर पूनम तुषामड़ द्वारा लिखित ये कैसी आजादी नाटक प्रस्तुत किया गया। गुड मोर्निंग क्लब के सदस्य अनुभव अग्रवाल, जय गोपाल बंसल, एसपी भनोट, अरविंद गुप्ता, छिबर और गुरविंदर सिंह ने कलाकारों के अभिनय, नाटक के विषय और संवादों की सराहना की।
हलकारा ए थिएटर ग्रुप के इस नुक्कड़ नाटक की प्रदेश के पांच जिलों में प्रस्तावित यह तीसरी प्रस्तुति थी। नाटक आजादी के देशभक्तों के बलिदान को समर्पित है। यह नाटक आज के समाज को आजादी के महत्व और सामाजिक समानता का वैश्विक संदेश देता है। ग्रुप की ओर से रमनदीप, ज्योति, तुषार, सूर्यांश चावला, बीरबल सिंह, पार्थ शर्मा, आरजू, शिवानी बोहत और अमन कुमार ने नाटक की प्रस्तुति में सहयोग दिया।