मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि दिल्ली में राजनीतिक स्थायित्व के लिए कांग्रेस को बिना शर्त समर्थन देना चाहिए ताकि आम आदमी पार्टी सरकार बना सके।
वे शुक्रवार को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष फूलचंद मुलाना के आवास पर मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दिल्ली में खंडित जनादेश के कारण राजनीतिक अस्थिरता का माहौल उत्पन्न हो गया है।
हरियाणा में आम आदमी पार्टी द्वारा लोकसभा और विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा पर पूछे गए अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर राजनीतिक दल और व्यक्ति को चुनाव लड़ने का अधिकार है।
गोहाना रैली में की गई घोषणाओं को लागू करने संबंधी प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा एक जनवरी 2014 से इन घोषणाओं को अमल में लाया जा रहा है और सरकार के पास योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए पर्याप्त बजट है।
चार राज्यों में कांग्रेस पार्टी को जनता का अपेक्षित समर्थन न मिलने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि इन राज्यों में पार्टी का वोट प्रतिशत बढ़ा है।
प्रदेश के राइस मिलरों द्वारा धान में नमी की मात्रा में छूट सहित की जा रही अन्य मांगों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके लिए उन्होंने केंद्र सरकार से लिखित अनुरोध किया है और अंतिम फैसला केंद्र सरकार द्वारा ही लिया जाएगा।
स्कूल अध्यापक चयन बोर्ड के गठन पर कोर्ट के फैसले को लेकर उन्होंने कहा कि उन्होंने सदैव न्यायालय के फैसले का स्वागत किया है।
राजनीति में बड़े नेताओं द्वारा असभ्य शब्दों के प्रयोग की प्रथा पर प्रश्न का जवाब देते हुए हुड्डा ने कहा कि राजनीति सहित हर व्यक्ति के व्यवहार में शालीनता और सभ्यता होना जरूरी है और यह बात केवल राजनीति पर नही बल्कि समाज के सभी वर्गों पर लागू होती है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार प्रोफेसर वीरेंद्र सिंह, निर्मल सिंह, सुभाष चौधरी, उपायुक्त के. मकरंद पांडुरंग, पुलिस उपायुक्त विनोद कौशिक, हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन के सचिव आईसी सांगवान, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मीडिया एडवाइजर सुनील परती, मेयर रमेश लाल मल, एसडीएम विनय प्रताप सिंह, एसीपी हितेष कुमार, शिवालिक विकास बोर्ड के सदस्य वरुण चौधरी, राम सिंह सांगवान, ब्रहमपाल राणा, सुरजन सिंह केसरी, कांग्रेस नेता धर्मपाल गुप्ता, गुरदीप बिट्टू, सीता राम पाहवा, गुरप्रीत गोल्डी, चेयरमैन तेज प्रकाश सिंह, रत्न लाल गुप्ता, धर्मपाल कालिया सहित अन्य मौजूद रहे।