बराड़ा। करीब एक महीने से बराड़ा में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। जलभराव यहां के बाशिंदों के लिए लगातार मुसीबत बनता जा रहा है, वहीं प्रशासन इस पानी की निकासी की व्यवस्था करने में नाकाम साबित हो रहा है। बराड़ा नगर पालिका कार्यालय के परिसर में भी जलभराव दिखाई दे रहा है। यह पानी लगातार बढ़ता जा रहा है।
दोसड़का रोड से बंसल पैलेस के पास से यह पानी बराड़ा शहर में प्रवेश कर रहा है, जिससे बंसल पैलेस से महाराणा प्रताप चौक पर दोनों सड़क के दोनों तरफ पानी जमा है। महाराणा प्रताप चौक के पास बने मॉर्डन कॉम्पलेक्स रिहायशी क्षेत्र में करीब एक-डेढ़ फुट पानी कई दिन से भरा है। यहां के बाशिंदे इसी गंदे पानी के बीच से परेशानी से जूझते हुए आ-जा रहे हैं। महाराणा प्रताप चौक के आगे यह पानी मुख्य बाजार की तरफ तेज बहाव के साथ जा रहा है, जिससे सड़क के दोनों तरफ कई फुट जलभराव है।
दुकानदारों का काम हो रहा प्रभावित
सरकपुर रोड, बराड़ा गांव, हरगोबिंदपुरा कॉलोनी समेत कई इलाकों में पानी भरा हुआ है। जागृति सेवा ट्रस्ट के संस्थापक कुलदीप शर्मा ने कहा कि नगरपालिका प्रशासन लोगों को जलभराव से निजात दिलाने में नाकाम है। लोगों के घरों में पानी घुस रहा है और उनका गलियों से गुजरना मुश्किल हो गया है। दुकानदारों के काम ठप हो गए हैं क्योंकि दुकानों के आगे पानी जमा है और ग्राहक उनके पास नहीं पहुंच पाते हैं। दुकानों के आगे मिट्टी के कट्टे लगाकर दुकानदार किसी तरह अपने सामान को खराब होने से बचा रहे हैं।
नगरपालिका कार्यालय जलभराव से बंद, स्टाफ भी नहीं दिखा
मंगलवार को तो पीछे से आ रहे पानी की मात्रा बढ़ गई और महाराणा प्रताप चौक से होते हुए बाजार की तरफ पर पानी आ गया। नगर पालिका कार्यालय और बीडीपीओ कार्यालय के मुख्य गेट के बाहर और दूसरी तरफ एचडीएफसी बैंक की तरफ पानी इतना बढ़ चुका है कि बीच में डिवाइडर के बराबर तक पहुंच चुका है। हाल तो यह हो गए कि सड़क पूरी भरने के बाद यह पानी नगरपालिका प्रांगण में पहुंच गया और प्रांगण पूरी तरह पानी से लबालब हो गए।
नगरपालिका कार्यालय के दरवाजे पर मिट्टी के कट्टे भरकर रखे गए हैं ताकि पानी कार्यालय के अंदर न जा सके। हालांकि प्रांगण में पानी भरने के बाद कार्यालय बंद रहा और स्टाफ भी नहीं दिखाई दिया।
जलभराव अधिक है, फिर भी वह इसके हल के लिए जुटे हुए हैं। बंसल पैलेस से बराड़ा गांव की तरफ जाने वाली सड़क पर जेसीबी से रास्ता बनाकर पानी निकाला गया है। अन्य स्थानों से भी पानी निकासी का प्रबंध किया जा रहा है। स्टाफ सारा पानी निकासी के प्रबंध में जुटा है, इसलिए कार्यालय में नहीं था।
राजेश कुमार, सचिव नगर पालिका बराड़ा
नगरपालिका कार्यालय में भरा पानी । संवाद- फोटो : संस्थान
नगरपालिका कार्यालय में भरा पानी । संवाद- फोटो : संस्थान