अंबाला। जिले में दूसरे दिन भी सुबह से दोपहर तक रूक-रूककर बारिश होती रही। बारिश के कारण कई जगहों पर जलभराव होने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। शहर और छावनी में भी कई जगहों पर बारिश का पानी भर गया जिससे आवागमन प्रभावित हुआ।
वहीं बराड़ा बस स्टैंड परिसर में खड़ी अंबाला व यमुनानगर डिपो की दो बस पर रविवार-सोमवार की रात शीशम का पेड़ गिर गया। इस दौरान पेड़ का तना गिरने से एक बस की छत फट गई। रात में घटना होने पर किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ, हालांकि पेड़ गिरने से बस क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, पहाड़ों में बारिश के बाद टांगरी नदी का जलस्तर सोमवार सुबह 8 बजे तक 5 हजार क्यूसेक था। दिन में कम बारिश होने से यह जलस्तर कम होता गया।
-
दूसरे दिन भी कई जगहों पर जलभराव होने से रही दिक्कत
शहर के अग्रसेन चौक, रामबाग रोड, जंडली मुख्य सड़क, पुराना सिविल अस्पताल रोड, शुक्लकुंड रोड, कांग्रेस भवन रोड और छावनी के सुभाष पार्क समेत कुछ जगहों पर जलभराव रहा। जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी झेलनी पड़ी। वहीं, जलभराव की समस्या को लेकर शुक्लकुंड रोड, अंबा मार्केट, मनियारी मार्केट और कांग्रेस भवन रोड से दुकानदार नगर निगम आयुक्त से मिले और वहां से पानी निकासी की मांग की। सोमवार शाम तक पिछले 24 घंटे में 8.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश होने से गर्मी से राहत भी मिली। अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि मानसूनी हवा की सक्रियता बढ़ने की संभावना से राज्य में 1 से 3 जुलाई के दौरान ज्यादातर क्षेत्रों में हवा व गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान कुछ एक स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। जिससे दिन के तापमान में गिरावट बने रहने की संभावना है। इसी तरह से 5 से 7 जुलाई तक भी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।