अंबाला। कैंट के नागरिक अस्पताल में निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत की बेसमेंट एक बार फिर बरसाती पानी से जलमग्न हो गई है। स्थिति यह बन गई है कि बेसमेंट से पानी ओवरफ्लो होने के बाद बाहर सड़क तक आ रहा है, ऐसे में दोबारा अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले जिलाभर के मरीजों व तीमारदारों पर डेंगू व मलेरिया आदि फैलने का खतरा मंडराने लगा है।
हालांकि पहले भी बेसमेंट में पानी जमा हो गया था तो ठेकेदार की तरफ से निकालने का काम किया गया था, साथ ही विभाग की तरफ से काला तेल व दवाओं का छिड़काव किया गया था ताकि मरीजों को कोई परेशान न हो।
हाईकोर्ट के बाद दोबारा शुरू हुआ है बिल्डिंग का काम : कैंट के नागरिक अस्पताल में 100 बिस्तर के भवन के निर्माण का केस पहले हाईकोर्ट में होने की वजह से काम रुक गया था, जिसके बाद दोबारा से निर्माण कार्य के लिए अब निविदा हुई है। 14.79 करोड़ रुपये की लागत से भवन का शेष निर्माण कार्य जल्द पूरा किया जाएगा। यह भवन अत्याधुनिक चिकित्सीय सुविधाओं से लैस होगा, जिसे क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) की तर्ज पर बनाया जाएगा। इस 100 बिस्तर के भवन के निर्माण होने से अंबाला छावनी सिविल अस्पताल की क्षमता दोगुणा अर्थात 200 बिस्तर की हो जाएगी। इस नए भवन का डिजाइन इस प्रकार से तैयार किया गया है कि सामान्य मरीजों को संक्रमण का खतरा न उठाना पड़े।