त्योहारी सीजन में महंगाई का झटका, दूध महंगा होने से उत्पादन लागत बढ़ी
माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला सिटी। त्योहारों के ऐन वक्त पर आम जनता की जेब पर महंगाई की एक और मार पड़ी है। हरियाणा डेयरी विकास सहकारी प्रसंघ के प्रमुख ब्रांड वीटा ने अपने देसी घी के दामों में 10 प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी है। अंबाला सिटी स्थित वीटा प्लांट से सप्लाई होने वाले घी की कीमतों में इस साल अब तक 50 प्रति लीटर का इजाफा हो चुका है। दिवाली और भैयादूज जैसे प्रमुख त्योहारों से ठीक पहले हुई इस वृद्धि से उपभोक्ताओं की रसोई का बजट पूरी तरह गड़बड़ा गया है।
कंपनी अधिकारियों के अनुसार, कच्चे दूध की खरीद दरों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का सीधा असर घी उत्पादन पर पड़ा है। वीटा के सीईओ राजेश कुमार ने बताया कि खुले बाजार में दूध के दाम 85 प्रति लीटर के स्तर तक पहुंच चुके हैं। दूध के लगातार महंगे होने के चलते उत्पादन लागत काफी बढ़ गई थी, जिसके कारण मजबूरी में 30 अक्टूबर से घी की कीमतों में 10 का इजाफा करने का फैसला लेना पड़ा। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल वीटा ही नहीं, बल्कि बाजार की अन्य सभी प्रमुख डेयरी कंपनियों ने भी दूध की बढ़ती कीमतों के चलते अपने उत्पादों के दाम बढ़ाए हैं।
त्योहारी मिठास पर महंगाई का साया, उपभोक्ता मायूस
त्योहारी सीजन में पकवानों, मिठाइयों और पूजा-अर्चना के लिए देसी घी की मांग चरम पर रहती है। ऐसे समय में वीटा घी का महंगा होना सीधे तौर पर मध्यम और निम्न वर्ग की जेब पर भारी पड़ रहा है। स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले से ही दालें और अन्य खाद्य वस्तुएं महंगी हैं, अब घी के भाव बढ़ने से त्योहार की खुशियां फीकी पड़ रही हैं। साल भर के भीतर 50 की बढ़ोतरी को लेकर लोगों में खासी नाराजगी देखी जा रही है।
पिन्नी और लड्डुओं की रिकॉर्ड बिक्री का लक्ष्य
घी के दाम बढ़ने के बावजूद त्योहारी मांग को पूरा करने के लिए वीटा प्रबंधन ने कमर कस ली है। सीईओ राजेश कुमार ने बताया कि त्योहारी सीजन में वीटा की पारंपरिक मिठाइयों, विशेषकर पिन्नी और लड्डुओं की भारी मांग रहती है। उन्होंने जानकारी दी कि पिछले वर्ष जींद और सिरसा स्थित प्लांटों से आने वाली पिन्नी और लड्डुओं की कुल बिक्री 32 मीट्रिक टन दर्ज की गई थी। इस बार वीटा ने इस आंकड़े को पार करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया है। त्योहारी सीजन के दौरान उपभोक्ताओं को आपूर्ति में कोई कमी न आए, इसके लिए पर्याप्त स्टॉक पहले ही मंगाकर सुरक्षित कर लिया गया है।