अंबाला। लायंस क्लब अंबाला ने रविवार को छावनी के सनातन धर्म कॉलेज में क्रिकेट मैच का आयोजन किया। यह मैच विक्ट्री वाइर्पस और विशू 11 के बीच खेला गया। इस मैच में विशू 11 की टीम ने जीत दर्ज की। टीम ने 15 ओवर में 115 रन बनाए जबकि प्रतिद्वंद्वी टीम 115 का आंकड़ा नहीं प्राप्त कर सकी और हार गई। टीम को मैच जीतने पर सम्मानित किया गया। इस मौके पर मौजूद क्लब अध्यक्ष लायन सुदित गुप्ता ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि ये टीम भावना, अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को भी बढ़ाते हैं। क्लब सदस्य लायन परमजीत सिंह ने खिलाड़ियों के उत्साह और उनके समाज के प्रति योगदान की सराहना की। इस आयोजन में क्लब के अन्य प्रमुख सदस्य कोषाध्यक्ष लायन कंवलजीत सिंह, लायन वर्षा मल्होत्रा, लायन जगजीत सिंह कांग, लायन राजेश शर्मा,लायन जसबीर सिंह, तथा लायन अतुल कुमार शर्मा मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया। यह आयोजन क्लब की युवा शक्ति को प्रोत्साहित करने और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।