कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा ने शनिवार को अंबाला शहर के महाराजा अग्रसेन चौक से जनसंदेश यात्रा की शुरुआत की। इस दौरान वह टाटा एस पर खड़े होकर शहरवासियों का अभिवादन करती नजर आईं।
उनके साथ चौधरी वीरेंद्र सिंह, पूर्व उप मुख्यमंत्री चंद्रमोहन व अन्य कांग्रेसी नेता दिखाई दिए। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के समर्थन में लोगों को एकजुट होने का आह्वान किया। जनसंदेश यात्रा गेंदामल धर्मशाला से अंबिका माता मंदिर और जगाधरी गेट पर पहुंचकर समाप्त हुई। इस यात्रा के माध्यम से कुमारी सैलजा ने दोबारा से अपने संसदीय क्षेत्र रहे अंबाला में अपना दमखम दिखाने की कोशिश की। वहीं इस दौरान चली सैलजा बीजेपी का तख्तो ताज हिलाने को, जैसे गीत गाड़ी पर बजते सुनाई दिए।
सैलजा ने यात्रा के पोस्टर में हुड्डा व उदयभान की फोटो लगाई
हरियाणा कांग्रेस में लंबे समय से चल रही गुटबाजी पर अब पार्टी आलाकमान ने हस्तक्षेप किया है। आलाकमान ने साफ तौर पर कहा है कि पार्टी के कार्यक्रम में प्रदेश नेतृत्व का फोटो होना जरूरी है। इसके बाद कांग्रेस नेता व सांसद कुमारी सैलजा ने अपनी संदेश यात्रा से जुड़े पोस्टर में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान की फोटो चस्पा कर दी है। सैलजा ने इसका पोस्टर सोशल मीडिया पर भी जारी कर दिया है। वहीं, अब हुड्डा कैंप की ओर से आयोजित कार्यक्र्रम में कुमारी सैलजा की फोटो दिखने लगेगी।
कांग्रेस आलाकमान के संज्ञान लेने के बाद सैलजा ने जारी किया नया पोस्टर
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने अपनी संदेश यात्रा शुरू होने से पहले एक पोस्टर जारी किया था, जिसमें कांग्रेस आलाकमान के साथ कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला और पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह का फोटो था, मगर हुड्डा और उदयभान की फोटो नहीं थी। इसके बाद यह पोस्टर वायरल हुआ और आलाकमान ने संज्ञान लिया। इसके बाद यात्रा शुरू करने से पहले सैलजा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्टर जारी किया, जिसमें कांग्रेस के दोनों नेताओं की फोटो थी। कांग्रेस नेता कुमारी सैलजा ने शनिवार से अंबाला शहर से कांग्रेस जनसंदेश यात्रा शुरू की है। वह मुख्य रूप से 44 शहरी विधानसभा सीटों पर जाएंगी।
जोकि कांग्रेस में एक नया गुट का संदेश दे रहे हैं। पहले एसआरके गुट कहा जाता था जिसमें कुमारी सैलजा, रणदीप सुरजेवाला और किरण चौधरी का नाम आता था। अब यह नया गुट एसआरवी दिखाई देता है। वहीं पोस्टरों पर पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा का फोटो भी नहीं है।
बारिश ने कराई दोगुनी मेहनत
पहले अंबाला शहर में जिस स्थान पर कार्यक्रम तय था वहां पर दिन में बारिश हो गई। इससे टेंट में से पानी कुर्सियों पर आ गया और आसपास के क्षेत्र में भी हल्का जलभराव हो गया। इसके बाद सुबह कर्मचारी टेंट की कुर्सियां समेटते दिखाई दिए। मगर शाम होते-होते स्थिति ठीक हो गई और यात्रा को शुरू किया गया