अंबाला। गांव बलाना में एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत मामले में धीमी जांच को लेकर ग्रामीणों में रोष है। सोमवार को ग्रामीणों ने एकजुट होकर एसपी अंबाला जश्नदीप रंधावा को ज्ञापन सौंपा। एसपी ने मामले की गंभीरता से जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया है। एसआईटी में शामिल डीएसपी जोगिंद्र सिंह व संबंधित थाना प्रभारी आदि मामले से जुड़े हर पहलू की जांच करेंगे।
इससे पहले गांव में पंचायत की गई और उसके बाद एसपी से मिलने की रणनीति बनाई गई। परिजनों का कहना है कि आरोपी को वीआईपी ट्रीटमेंट दिया जा रहा है। परिजनों ने एसपी को शिकायत देते हुए कहा कि जल्द से जल्द कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस ने दूसरे आरोपी को पकड़ा गया और बाद में उसे छोड़ दिया। एसपी ने आश्वासन दिया है कि इस मामले की उचित कार्रवाई होगी।
विज्ञापन
एसपी जश्नदीप रंधावा ने बताया कि मामले में गांववासी व परिजन मिले है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसकी पूरी गहनता से जांच की जाएगी।एसआईटी टीम का गठन कर दिया गया है। एसपी ने कहा कि पकड़े गए एक आरोपी बालकिशन का पुलिस ने कोर्ट से रिमांड मांगा था लेकिन कोर्ट ने नहीं दिया। अब पुलिस द्वारा दोबारा से रिमांड मांगा जाएगा और उचित कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि 25 अगस्त को बलाना निवासी सुखविंद्र सिंह ने माता-पिता, पत्नी व दो बच्चियों की हत्या करने के बाद खुद भी फांसी लगा ली थी। सुसाइड नोट भी बरामद हुआ था जिसमें बालकिशन व कवि नरूला को जिम्मेदार ठहराया था। पुलिस ने अभी तक केवल एक आरोपी बालकिशन को काबू किया और उसे कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया। जबकि यमुनानगर के साई होंडा का मालिक कवि नरूला अभी भी गिरफ्त से बाहर है।