अंबाला। छावनी के हिल रोड स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर से श्री सनातन धर्म सभा की ओर से दूसरी बार बुधवार को श्री राम बारात शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इसमें मुख्यअतिथि पूर्व गृहमंत्री और नवनिर्वाचित विधायक अनिल विज ने श्रीराम और लक्ष्मण को तिलक लगाकर शुभारंभ किया। इस श्रीराम बारात शोभायात्रा में सबसे आगे दो ढोल, इसके बाद बच्चे निशान के साथ बैनर लेकर चलते दिखे।
एसडी सीनियर स्कूल के बच्चों की ओर से फ्लैग मार्च निकाला गया, वहीं एसडी सीनियर स्कूल के बच्चों की ओर से बैगपाइपर बैंड पर प्रस्तुती दी गई। लवकुश की पैदल घोड़ा झांकी, गुरू वशिष्ठ बग्गी में बैठे हुए, छावनी का ताशा, साउथ पेट्रन की पैदल झांकी, भारत माता की झांकी, बैंड, शिव शंकर की झांकी, बग्गी पर सवार विश्वामित्र की झांकी, सरसावा का ताशा, बग्गी पर सवार भरत, शत्रुध्न की झांकी, बैंड, हनुमान और चार लंगूर की झांकी, बग्गी पर सवार राजा दशरथ की झांकी, बपीएस स्कूल का बैंड, बग्गी पर बैठे शंकर जी की झांकी, मेरठ की शहनाई, पांच रूपों में मां देवी की झांकी, बाबा बैंड, छह अघोरियों के साथ शंकर जी की बैल पर बारात की झांकी, शंकर बैंड, बिहारी, राधा रानी की झांकी, मुरादाबाद से भगवान श्री राम जी की झांकी नृत्य के साथ, श्री बालाजी बैंड, भगवान राम- लक्ष्मण जी कि रथ की झांकी शामिल रही।
इसके बाद यह राम बारात श्री सनातन धर्म मंदिर से बीडी स्कूल, अनाज मंडी, गुड़ बाजार, कला मंदिर, निकल्सन रोड, हलवाई बाजार, कसेरा बाजार और अन्य जगह होते हुए शोभायात्रा निकली। इस अवसर पर प्रधान प्रो. ताराचंद गुप्ता, संदीप अग्रवाल, सुधीर बिंदलस, संजय गुप्ता, लक्ष्मी नारायण आदि मौजूद रहे।