अनिल विज, कैबिनेट मंत्री, हरियाणा सरकार।
अंबाला। ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने वीरवार को कई मुद्दों पर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने संसद में कांग्रेस नेता रेणुका चौधरी की ओर से कुत्ता लेकर आने पर कटाक्ष करते हुए कहा कि रेणुका चौधरी का भौं-भौं करके वहां से जाना इस बात को दिखाता है कि अब यह कांग्रेस की ऑफिशियल भाषा बन गई है। वह पार्टी की प्रवक्ता भी हैं, संभवतः इसीलिए कुत्ते को लेकर आईं ताकि देश को दिखाया जा सके कि कांग्रेस के पीछे से कौन बोलता है।
इसी प्रकार विज ने जातीय जनगणना पर राहुल गांधी को जवाब दिया, वहीं कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा चौधरी रणबीर सिंह यूनिवर्सिटी की घटना को लेकर उठाए प्रश्नों का जवाब देते हुए कहा, अगर एक जगह कोई गलत घटना हो गई तो इसका अर्थ यह नहीं कि योजना गलत है, अर्थात जहां राम होता है, वहां रावण भी होता है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का परिणाम है कि हरियाणा में कन्याओं के जन्म की दर में स्पष्ट सुधार हुआ है।