अंबाला सिटी। लक्ष्मी नगर जण्डली क्षेत्र में वीरवार रात मोबाइल छीनकर भाग रहे दो झपटमारों में से एक को पीड़ित व्यक्ति ने साहस दिखाते हुए पीछा कर दबोच लिया। आरोपी की पहचान यमुनानगर निवासी रसमीत उर्फ राजन के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ झपटमारी की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दूसरे साथी की तलाश शुरू कर दी। लक्ष्मी नगर निवासी अमरजीत ने बताया कि वह रात करीब 8:30 बजे जंडली में राशन की दुकान पर खड़ा था। इसी दौरान एक सिल्वर रंग की स्प्लेंडर बाइक पर दो युवक आए। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने उसके हाथ से नीला रेडमी फोन झपट लिया और भागने लगा। फोन के कवर में 400 रुपये की नकदी भी थी। कुछ ही देर बाद उसे एक आरोपी जंडली पुल के पास खड़ा दिखाई दिया। अमरजीत ने उसे पहचानते हुए काबू कर लिया। संवाद
कार की टक्कर से 15 वर्षीय किशोरी गंभीर घायल
शहजादपुर। कड़ासन गांव में एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़ी 15 वर्षीय किशोरी को टक्कर मार दी। हादसे में किशोरी सिमरन गंभीर रूप से घायल हो गई है। उपचार के लिए मुलाना के एमएमयू अस्पताल में दाखिल करवाया गया। पुलिस ने कार चालक पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। कड़ासन निवासी रविन्द्र कुमार ने बताया कि वह शिव फास्ट फूड के नाम से ढाबा चलाते हैं। 12 अप्रैल की सुबह करीब 11:23 बजे उनकी 15 वर्षीय बेटी सिमरन ढाबे के पास सड़क किनारे खड़ी थी। तभी कार ने टक्कर मार दी थी। संवाद
आठवीं के छात्र को डंडे व कड़े से पीटा, सिर फटा, दो नामजद
नारायणगढ़। औद्योगिक क्षेत्र काला आम्ब में रुचरा फैक्टरी के पास रहने वाले आठवीं कक्षा के एक छात्र पर पड़ोस के ही दो युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में छात्र आशिक कुमार का सिर फट गया और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। नारायणगढ़ थाना पुलिस ने पीड़ित छात्र की तहरीर पर आरोपी हरिओम और बिट्टू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। घायल ने बताया कि वह एमबीएस पब्लिक स्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र है। पड़ोस में रहने वाले हरिओम और बिट्टू उसे अक्सर रास्ते में आते-जाते गाली-गलौज करते थे और चिढ़ाते थे। 14 अप्रैल की शाम जब वह घर के बाहर खेल रहा था, तब दोनों आरोपी वहां आए ओर परेशान करने लगे। आरोप है कि हरिओम ने अपने हाथ में लिए बांस के डंडे से सिर और कमर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह लहूलुहान हो गया। बिट्टू ने अपने हाथ में पहने लोहे के भारी कड़े से छात्र के नाक और मुंह पर वार किया। संवाद