अंबाला। जिला में दिन के साथ-साथ रात में भी कोहरा छाने लगा है ऐसे में वाहन चालक बिना रिफ्लेक्टर के वाहनों को सड़कों पर दौड़ा रहे हैं। ऑटो से लेकर ट्रैक्टर ट्राली, वैन और निजी बसों से रिफ्लेक्टर गायब हैं। कुछ वाहन चालकों ने अपने वाहनों पर नाम के लिए रिफ्लेक्टर टेप लगाई हुई है। ऐसे में ऑटो, ट्रैक्टर-ट्रॉली और निजी बसों से रिफ्लेक्टर गायब होना ठीक नहीं है। इससे रात के समय या फिर कोहरे में दुर्घटना होने का खतरा बढ़ जाता है।
राजमार्ग पर बिना रिफ्लेक्टर दौड़ रहे ऑटो
अंबाला छावनी से सिटी, लालडू, डेरा बस्सी, शाहबाद, साहा, बराड़ा और मुलाना तक चालक ऑटो चलाते हैं। कई ऑटो के पीछे रिफ्लेक्टर टेप नहीं लगी होती, जिसके चलते यह चालक सवारी की जान जोखिम में डालते हैं। इसके अलावा हरियाणा रोडवेज की अधिकतर बसों की पीछे रिफ्लेक्टर लगे होते हैं। वहीं निजी बसों में रिफ्लेक्टर नहीं लगे होते वह रिफ्लेक्टर टेप से काम चलाते हैं।
वीरवार को अंबाला जगाधरी, अंबाला दिल्ली, अंबाला अमृतसर, बारह क्रास, स्टाफ रोड के पास कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियां गुजरते हुए दिखाई दिए। इन वाहनों पर रिफ्लेक्टर तक नहीं लगाई हुई थी। इनमें कुछ वाहनों में श्रमिक बैठे हुए थे तो कई में ईंट, सीमेंट व अन्य सामान लोड था।
प्रशासन की ओर से समय समय पर वाहन चालकों को जागरूक किया जाता है और वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाने के लिए अभियान चलाए जाते हैं। जो वाहन बिना रिफ्लेक्टर सड़कों पर दौड़ रहे हैं उन पर भी रिफ्लेक्टर लगवाए जाएंगे।
- सुशील कुमार, आरटीए, अंबाला।