संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। फुटबॉल चौक पर स्वास्तिक चौक की दिशा से आई एक तेज रफ्तार कार ने शनिवार सुबह पंजाबी बाग निवासी सब्जी व्यापारी राजन की एक्टिवा को टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि राजन उछलकर सड़क पर जा गिरे। उनके सिर, नाक और कान से खून बहने लगा।
आनन-फानन उन्हें कैंट के नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वह हर दिन की तरह सुबह पूजा-पाठ कर घर से एक्टिवा पर सवार होकर सब्जी मंडी के लिए निकले थे, लेकिन एक हादसे ने उनकी जान ले ली।
कैंट पुलिस ने शिकायतकर्ता शुभम के बयान पर पानीपत के वार्ड नंबर 13, साईं कॉलोनी निवासी आरोपी कार चालक सागर चौहान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच अधिकारी एएसआई नरेश कुमार ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।
हादसे के वक्त राजन के पीछे अपनी मोटरसाइकिल पर आ रहे उनके पड़ोसी शुभम (30) ने पुलिस को बताया कि सुबह 5 बजे राजन अंकल अपनी एक्टिवा से कबाड़ी मार्केट रोड होते हुए सब्जी मंडी जा रहे थे। वो उनसे थोड़ी दूरी पर पीछे चल रहा था। जैसे ही वे फुटबॉल चौक पहुंचे, स्वास्तिक चौक की तरफ से एक कार तेज रफ्तार से आई और एक्टिवा को टक्कर मार दी जिससे वह गिर गए।