सब्जियों से भरे ट्रक को राजस्थान की जयपुर पुलिस ने जब जांचा तो उसमें शराब की पेटियां भरी मिली। जबकि ट्रक के ऊपर लगे पास पर एसेंशियल गुड्स लिखा था। इस पर जयपुर पुलिस को शक हुआ और उन्होंने अंबाला के डीसी को पूरे मामले से अवगत करवाया। साथ ही उस ट्रक का नंबर भेजकर जानकारी मांगते हुए पूछा कि आपने जिस ट्रक को एसेंशियल गुड्स का पास जारी किया था उसमें शराब निकली है। इससे अंबाला प्रशासन में हड़कंप मच गया। लेकिन जब बताए गए ट्रक के नंबर की जांच हुई तो अंबाला से ऐसे किसी नंबर के ट्रक को पास ही जारी नहीं हुआ पाया गया। जयपुर पुलिस ने जिस पास की कापी अंबाला प्रशासन के पास भेजी थी जांच में उस पर डीसी अंबाला अशोक कुमार के फर्जी हस्ताक्षर किए गए थे जोकि डीसी के असली हस्ताक्षर से मेल नहीं खाते थे। अलबत्ता अंबाला पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई कर डीसी अशोक कुमार की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू करवा दी है।
नारायणगढ़ में नहीं मिली उक्त फर्म, नाम भी निकला फर्जी
चंदवाजी जिला जयपुर ग्रामीण पुलिस ने ट्रक नंबर एचपी- 93-6480 पकड़कर संयुक्त निदेशक जिला औद्योगिक केंद्र से रिपोर्ट ली। इस पर उपायुक्त निदेशक जिला औद्योगिक केंद्र अंबाला ने अपनी रिपोर्ट में जयपुर टीम को बताया कि आदेश क्रमांक डीआईसी/एसएमआर/कोविड-19 दिनांक 30 मार्च 2020 को मैसर्ज रूद्राक्ष ग्रुप आफ इंडस्ट्रीज गांव बधौली तहसील नारायणगढ़ कालपी रोड अंबाला इस नंबर का कोई पास ही जारी नहीं किया गया। डीसी के आदेशों पर जब एसडीएम नारायणगढ़ अदिति और डीएसपी नारायणगढ़ व एसएचओ नारायणगढ़ मौके पर पहुंचे तो वहां रूद्राक्ष नाम की कोई कंपनी ही नहीं थी। अलबत्ता पास से लेकर कंपनी का नाम सब कुछ फर्जी मिला।
हमारे पास इस बारे में शिकायत आई थी कि जयुपर में मूवमेंट पास पकड़ा गया। लेकिन जब उसकी जांच की कई तो पास फर्जी निकला। ममाले की जांच के लिए हम गांव बधौली में गए थे लेकिन वहां रूद्राक्ष नाम की कोई कंपनी ही नहीं मिली।
अदिति, एसडीएम नारायणगढ़।
यह गंभीर मामला है। हमने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू करवा दी है।
अशोक कुमार, डीसी।