अंबाला सिटी। काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (आईसीएसई) की ओर से वीरवार को घोषित 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में सेंट पॉल स्कूल की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया है। स्कूल की छात्रा वंशिका ने 97 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉप किया है। अपनी इस उपलब्धि से वंशिका ने न केवल स्कूल, बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है।
सफलता का मंत्र, 14 घंटे पढ़ाई और मोबाइल का सही इस्तेमाल
अपनी शानदार सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए वंशिका ने बताया कि उन्होंने रोजाना 13 से 14 घंटे तक पढ़ाई की। उन्होंने अपनी मेहनत का श्रेय अपने शिक्षकों और परिजनों के सहयोग को दिया। वंशिका ने एक खास बात साझा की कि उन्होंने पढ़ाई के लिए मोबाइल से दूरी बनाने के बजाय उसे अपना हथियार बनाया और इंटरनेट के माध्यम से कठिन विषयों को समझा।
ऐशिनी और प्रियांशी भी चमकीं
स्कूल का परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट रहा और कुल 34 बच्चों ने परीक्षा उत्तीर्ण की। अन्य मेधावियों छात्राआं में ऐशिनी ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी लगन और मेहनत का परिचय दिया, वहीं प्रियांशी ने अपनी सफलता का पूरा श्रेय अपने पिता पंकज साहनी, दादी आशा साहनी, माता रजनी साहनी और मामा बलविंदर कुमार को दिया, जिनके मार्गदर्शन ने उन्हें हर कदम पर प्रोत्साहित किया।
मेहनत और सही तकनीक का संगम ही सफलता की कुंजी है। मोबाइल का सही इस्तेमाल शिक्षा में मददगार साबित हो सकता है। बिना ट्यूशन के ही इस मुकाम को हासिल करके काफी खुशी हो रही है।
वंशिका।
किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए मेहनत व लग्न जरूरी है। इसके बिना किसी भी मुकाम तक नहीं पहुंचा जा सकता। इसलिए मैंने पहले ही इसकी पूरी तैयारी कर ली थी।
ऐशिनी।
पिता का सपना था कि हमेशा पढ़ाई में अव्वल रहा। वह बेशक इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनकी इस उम्मीद को आज भी सहेज कर रखा हुआ है। उनके आशीर्वाद व परिजनों सहित ट्यूशन शिक्षिक भाविका मैम के सहयोग से काफी मदद मिली।
प्रियांशी।