संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। माता-पिता की डांट से नाराज हुआ 10 वर्षीय बालक यूपी से ट्रेन में बैठकर लुधियाना पहुंच गया। यहां उसे अकेला रोता देखकर अंबाला की तरफ आ रहे टिकट निरीक्षक ने उसकी मदद की और उसकी सुरक्षा के लिए उसे अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ के सुपुर्द कर दिया। आरपीएफ ने बच्चे को संरक्षण में लेकर आगामी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
आरपीएफ प्रभारी रविंदर सिंह ने बताया कि टिकट निरीक्षक राजन कनौजिया ने उप निरीक्षक कुलबीर सिंह के सुपुर्द एक बच्चा किया था। उन्होंने बताया कि यह बच्चा दिल्ली जाने की जिद कर रहा था और लुधियाना रेलवे स्टेशन पर अकेला बैठा रो रहा था। आरपीएफ पोस्ट पर बच्चे ने बताया कि वह संत कबीर नगर यूपी का रहने वाला है और छह अक्तूबर को वह अपने मम्मी-पापा की डांट से नाराज होकर सुबह करीब नौ बजे घर से निकल गया था, इसके बाद वह स्टेशन पर आया और ट्रेन में बैठ गया ताकि पंजाब में रहने वाले चाचा के पास पहुंच सके, लेकिन इस दौरान वह उनका पता भूल गया और लुधियाना स्टेशन पर उतर गया। आरपीएफ ने मामले की जानकारी जिला युवा विकास संगठन को दी तो कुछ ही देर में संगठन के पदाधिकारी हाकम सिंह व हरविंदर सिंह मौके पर पहुंच गए। यहां कागजी कार्रवाई के बाद बच्चे को सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया गया। संगठन पदाधिकारियों ने बच्चे के परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।