97 एडिड कॉलेजों के प्राचार्यों और शिक्षकों ने लिया राहत कोष में एक दिन का वेतन देने का निर्णय संवाद न्यूज एजेंसी कुरुक्षेत्र। हरियाणा के 97 एडिड कालेजों के प्राचार्यों और शिक्षकों ने संयुक्त रूप से कोरोना आपदा राहत कोष के लिए एक दिन का सकल वेतन देने का निर्णय लिया है। हरियाणा कालेज टीचर्स एसोसिएशन (एचसीटीए) के प्रवक्ता डा.रविन्द्र गासो ने यहां जारी प्रैस नोट में बताया कि एचसीटीए के प्रदेशाध्यक्ष डा. दयानंद मलिक, महासचिव डा.चांद सिंह, प्रिंसिपल एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष प्रिं.डा. राजपाल सिंह , महसचिव प्रिं. डा. बीके गर्ग ने अपनी अपनी कार्यकारिणी की सहमति से यह सर्वसम्मत निर्णय लिया है।डा.गासो ने बताया कि कोरोना वायरस की चुनौती मानव जाति पर भयंकर संकट बन कर आई है। इससे निपटने के लिए सरकार बड़ी मुसस्तैदी से दिन रात काम कर रही है। संकट की इस घड़ी में एडिड कालेजों के प्राचार्य और शिक्षक सरकार के साथ एकजुटता प्रकट करते हैं। प्रिं. राजपाल सिंह ने बताया सभी कालेजों से सहायता राशि मुख्यमंत्री राहत कोष में सीधे ऑन लाईन भेजी जाएगी। एचफुक्टो के महासचिव डा.नरेंद्र चाहर, पूर्व अध्यक्ष डा. राजवीर पाराशर , प्रिं. आरपीसैनी, प्रिं. अशोक चौधरी, प्रिं. सुरेंद्र राणा व दोनों संगठनों के सभी पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों और समाज के सभी वर्गों से संक्रमण रोकने के लिए सरकार के आदेशों का पालन करने और राहत कोष के लिए दिल खोलकर योगदान करने की अपील की है।