अंबाला। छावनी में आमने-सामने स्थित बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन के मध्य पैदल आने-जाने की राह अब पहले से सुगम व आसान होगी। जीटी रोड के नीचे आधुनिक अंडरपास का निर्माण किया जाएगा, इससे लाखों यात्रियों व स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी।
हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा, नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड के मध्य अंडरपास बनाने के लिए योजना तैयार कर ली गई है, चूंकि अंडरपास रेलवे और हरियाणा रोडवेज की सीमा में भी बनना है, इसलिए हाईवे अथॉरिटी द्वारा दोनों विभागों से एनओसी ली जा रही है। इसके मिलते ही जल्द अंडरपास निर्माण प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दी थी हरी झंडी : परिवहन मंत्री अनिल विज ने रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड के समक्ष यात्रियों को हो रही असुविधा से केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को अवगत करवाया था और उनसे यहां अंडरपास निर्माण की मांग की थी। इस मांग पर केंद्रीय मंत्री द्वारा नेशनल हाईवे अथॉरिटी को मामले में योजना तैयार कर अंडरपास निर्माण करने के दिशा-निर्देश दिए गए थे।