अंबाला। रेलवे स्टेशन पर आने वाली ट्रेनों में रेल नीर की जगह अनाधिकृत ब्रांड का पानी लोड किया जा रहा है। मुनाफे के चक्कर में यह पानी की बोतलें ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को दी जा रही है जोकि पांच या छह रुपये प्रति बोतल की दर से खरीदी जाती हैं, फिर इन्हें ठंडा करके 20 रुपये में बेचा जाता है। रेलवे की तरफ से सिर्फ रेल नीर की बोतल को ही ट्रेनों और स्टेशन पर बेचने की परमिशन दी गई है। वीरवार को प्लेटफार्म एक पर पड़ी अनाधिकृत बोतलों को देखकर जब संबंधित अधिकारियों से पूछताछ की गई तो कोई जानकारी नहीं दे पाया। जब बोतलों की फोटो खींची गई तो कुछ ही देर बाद बोतलों को रेहड़ी पर रखकर लालकुर्ती ले जाया जा रहा था। रेहड़ी कर्मी से जब बात की गई तो उसने बताया कि इन बोतलों को किसी ट्रेन में चढ़ाना था लेकिन बाबू का फोन आया तो वह इन बोतलों को वापस लेकर गोदाम जा रहा है।
स्टेशन और ट्रेनों में रेल नीर की बोतल बेचने की ही अनुमति है। अगर कोई दूसरे ब्रांड की बोतल बेच रहा है या फिर ट्रेनों में लोड कर रहा है तो इसकी जांच करवाई जाएगी और उस व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
-वीरेंद्र कादयान, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल।