शहजादपुर। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जेपी दलाल ने शहजादपुर अनाज मंडी का दौरा किया और सरसों व गेहूं खरीद कार्य का जायजा लिया। यहां उन्होंने बारदाने की उपलब्धता के बारे में भी पूछा। कृषि मंत्री ने कहा कि मौसम विभाग ने 18 व 20 अप्रैल को बारिश आने की संभावना जताई है। इससे पहले खरीद एजेंसियां गेहूं की खरीद कर मंडी को खाली करें ताकि खुले में पड़ा गेहूं गीला न हो।
मंत्री जेपी दलाल ने मंडी के निरीक्षण के दौरान गेहूं उठाकर गुणवत्ता को देखा। उन्होंने कहा कि यहां की गेहूं की गुणवत्ता बेहतर है। कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. जसविंदर सैनी ने बताया कि जिले में एक लाख 75 हजार एकड़ क्षेत्र में गेहूं का पंजीकरण किसानों द्वारा मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर करवाया गया है। इसी प्रकार इस पोर्टल पर सरसों का 13 हजार एकड़ से अधिक क्षेत्र का पंजीकरण हुआ है। उन्होंने कहा कि दोनों ही फसलों का उत्पादन बेहतर होने की उम्मीद है।
मंडी एसोसिएशन ने सड़कों को सुधारने की रखी मांग
कृषि मंत्री ने कहा कि गेहूं खरीद को देखते हुए किसानों के लिए मंडियों में बिजली, पानी, स्ट्रीट लाइट तथा बारदाने आदि के प्रबंध हैं। मंडी एसोसिएशन द्वारा अनाज मंडी में सड़क का निर्माण आरसीसी से करवाने को कहा तो कृषि मंत्री ने तत्काल मार्केटिंग बोर्ड के कार्यकारी अभियंता को एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए।
लस्टर लॉस पर कोई मामला आएगा तो केंद्र के साथ सुलझाएंगे
मीडिया के प्रश्नों का जवाब देते हुए मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि शहजादपुर अनाज मंडी में लस्टर लॉस व टूटे दाने का असमंजस था वह हमने क्लीयर कर दिया है। किसान से किसी भी प्रकार की कटौती नहीं की जाएगी। व्यापारी को भी इसका कोई नुकसान नहीं उठाना पड़ेगा। अगर कोई ऐसा मामला आया तो हम भारत सरकार के साथ बैठकर इसको सैटल करेंगे।