अंबाला। ऊना हिमाचल से सहारनपुर के बीच चलने वाली मेमू स्पेशल ट्रेन का संचालन अब हरिद्वार तक किया जाएगा। रेलवे ने ट्रेन में हुए बदलाव की अनुमति दे दी है और आगामी कुछ दिनों में इसकी समय सारिणी भी जारी होने की उम्मीद है।
यह जानकारी अंबाला रेल मंडल के अधिकारी ने देते हुए बताया कि ट्रेन के हरिद्वार तक चलने से यात्रियों विशेषकर भक्तों को काफी फायदा होगा। यह विस्तार दोनों तरफ से संचालित ट्रेन नंबर 04501 और 02 में होगा। इसके लिए स्थानीय स्तर पर लोगों से भी रेलवे को आग्रह प्राप्त हुए थे कि उक्त ट्रेन का विस्तार हरिद्वार तक किया जाए, क्योंकि पंजाब आदि से आने वाले अधिकतर यात्री इसी ट्रेन के माध्यम से सहारनपुर तक आवागमन करते थे और उन्हें वहां से हरिद्वार जाने के लिए बस सहित अन्य वाहनों का इंतजार करना पड़ता था। ऐसे में यह सौगात उन यात्रियों के लिए एक बड़ी सुविधा होगी।
यह है समय सारिणी
ऊना हिमाचल से ट्रेन नंबर 04502 दोपहर 1.50 बजे रवाना होकर शाम 5.32 बजे अंबाला कैंट और शाम 7.15 बजे सहारनपुर पहुंचती है। वापसी में ट्रेन नंबर 04501 सहारनपुर से सुबह 6.30 बजे रवाना होकर सुबह 8.15 बजे अंबाला कैंट और दोपहर 12.30 बजे ऊना हिमाचल पहुंचती है। ट्रेन बीच रास्ते में पिलखनी, सरसावा, यमुनानगर-जगाधरी, जगाधरी वर्कशॉप, दराजपुर, मुस्तफाबाद, बराड़ा, तंदवाल, अंबाला कैंट, अंबाला सिटी, राजपुरा, सरहिंद, फतेहगढ़ साहिब, बस्सी पठाना, नोगांव, न्यू मोरिंडा, मोरिंडा, कुराली, मियांपुर, रुपनगर, घनौली, भरतगढ़, कीरतपुर साहिब, आनंदपुर साहिब, नंगलडेम और राय महतापुर स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में रुकती है।
-
हरिद्वार जाने के लिए ट्रेनें
मौजूदा समय में 8 ट्रेनों का संचालन हरिद्वार की तरफ हो रहा है जोकि अंबाला कैंट स्टेशन पर रुकती हैं। इसमें ट्रेन नंबर 14610 हेमकुंट एक्सप्रेस, 14632 अमृतसर-देहरादून एक्सप्रेस, 14888 बाड़मेर-ऋषिकेश एक्सप्रेस, 14606 जम्मूतवी-योगनगर ऋषिकेश, 14815 श्रीगंगानगर-ऋषिकेश इंटरसिटी, 12054 अमृतसर-हरिद्वार जनशताब्दी एक्सप्रेस, 14717 बीकानेर-हरिद्वार एक्सप्रेस व 19271 भावनगर-हरिद्वार एक्सप्रेस शामिल है।
वर्जन
ऊना हिमाचल से सहारनपुर के लिए चलने वाली मेमू स्पेशल ट्रेन नंबर 04501 और 02 का संचालन हरिद्वार तक होगा। रेलवे ने इसकी अनुमति दे दी है। अब समय सारिणी का ही इंतजार हो रहा है।
एमएस भाटिया, डीआरएम अंबाला।