जिले में अब तक 30,400 निरक्षरों को चिह्नित कर पोर्टल पर किया गया पंजीकृत
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। उल्लास कार्यक्रम के चौथे चरण की बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मकता परीक्षा 15 मार्च को होगी। जिला शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा के नेतृत्व में परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इस महा-अभियान में जिले के 12,256 नव-साक्षर (लर्नर्स) किस्मत आजमाएंगे। डीईओ सुधीर कालड़ा ने बताया कि पंजीकरण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। अब तक जिले में 30,400 निरक्षरों को चिह्नित कर पोर्टल पर पंजीकृत किया गया है।
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए जिले के 762 राजकीय विद्यालयों में से 450 से अधिक स्कूलों में परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। लक्ष्य यह है कि बुजुर्गों और महिलाओं को परीक्षा देने के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े। स्वयंसेवी शिक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे लर्नर्स को ससम्मान परीक्षा केंद्र तक लेकर आएं।
अब तक 15 हजार से अधिक बन चुके साक्षर
जिला उल्लास समन्वयक सुशील अरोड़ा ने बताया कि अब तक तीन चरणों की परीक्षा में 16,548 परीक्षार्थी शामिल हो चुके हैं। इनमें से 15,686 ने सफलता प्राप्त कर साक्षरता का प्रमाण पत्र हासिल किया है। इस बार अंबाला-1 खंड में सर्वाधिक 2452 और अंबाला-2 में 2438 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
निगरानी के लिए बनी विशेष टीमें
परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए विभाग ने प्रश्न-उत्तर पुस्तिकाएं, पंजीकरण फॉर्म और यहां तक कि नीले व लाल पेन भी खंड स्तर पर वितरित कर दिए हैं। डीईओ स्वयं निगरानी टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। इसमें डाइट प्रधानाचार्य और जिला प्रोजेक्ट समन्वयक शामिल हैं। शिक्षकों और विद्यार्थियों द्वारा रैलियों व निमंत्रण पत्रों के माध्यम से गांव-गली में अलख जगाई जा रही है।