संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। दो युवकों पर उन्हीं के गांव के 8 युवकों ने हमला कर घायल कर दिया। इसमें कुलदीप सिंह उर्फ दीपा व कुलविंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। 28 वर्षीय घायल कुलदीप सिंह ने इसकी शिकायत थाना सदर में दर्ज करवाई है।
युवक ने शिकायत में बताया कि मैं पंजोखरा साहिब में काम करता हूं।मेरे पिता को अधरंग होने के इस बार कंबाइन लगाने के लिए मैं और मेरा दोस्त कुलविंद्र सिंह गए थे। हम काम खत्म कर कंबाइन का हिसाब किताब करने के बाद अपने दोस्त के घर गए। वहां पर गांव का ही जस्सा आ गया। जिससे हमारी कहासुनी हो गई। मामला खत्म कर कुलविंद्र सिंह मेरे साथ मोटरसाइकिल पर मेरे घर माजरी आ गया। इसके कुछ देर बाद जस्सा अपने साथी मीनू, जींदर, हैप्पी, कुलविंद्र सिंह, सुखा, जसपाल व रघुबीर सिंह आए। इनके पास सरिया और लोहे के पाइप थे। जैसे ही मैं व मेरा दोस्त घर से बाहर निकालकर आए तो युवकों ने सरिए व पाइपों से पिटना शुरू कर दिया।
इस झगड़े में मेरी बाई टांग व बाजू टूट गई और कुलविंद्र की बाई बाजू व टांगों पर काफी चोटें आई हैं। हमला होता देख वहां काफी भीड़ जमा हो गई। इसके बाद लोगों ने हम पर हमला कर रहे युवकों को वहां से हटाया और युवक जाते हुए हमें जान से मारने की धमकी देकर गए। हालत को देखते हुए मेरे परिवार वालों ने हमें चौड़मस्तपुर पीएचसी में दाखिल करवाया और वहां से हमें सिटी अस्पताल में रेफर किया। पुलिस ने 8 युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।