अंबाला। सरहिंद से गोरखपुर जा रहे एक यात्रियों को दो टीटीई ने पीट दिया। घटना रविवार दोपहर को अमृतसर-बनमनखी जनसेवा एक्सप्रेस में हुई। मारपीट करने के बाद दोनों टीटीई अंबाला छावनी स्टेशन पर उतरकर भाग गए। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को उपचार के लिए जीआरपी ने अंबाला छावनी के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया।
उपचार के बाद जीआरपी ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मोरिंडा पंजाब निवासी संजय कुमार ने बताया कि गांव में उनके घर पर एक कार्यक्रम है। इसलिए वो परिवार सहित ट्रेन से गोरखपुर जा रहे थे। उसने सरहिंद रेलवे स्टेशन से ट्रेन को पकड़ा था और टिकट लेकर वो जनरल कोच में बैठ गया। ट्रेन जब राजपुरा स्टेशन पर पहुंची तो दो टीटीई कोच पर चढ़ गए। इस दौरान वे यात्रियों के टिकट देखने लगे। उसने भी अपना टिकट दे दिया और बताया कि उसके साथ चार लोग सफर कर रहे हैं। इसके बाद वो खाने में व्यस्त हो गया।
इस बात से गुस्साए एक टीटीई ने संजय कुमार से गालीगलौज शुरू कर दी और तैश में आकर उस पर हमला कर दिया। इस दौरान टीटीई का दूसरा साथी भी आ गया और उसने भी संजय को पीटना शुरू कर दिया। इस घटना से साथ सफर कर रहे संजय के परिजन डर गए और कोच में ही चीख मच गई। ये होता देख दोनों टीटीई डर गए और जैसे ही ट्रेन अंबाला कैंट स्टेशन पर पहुंची तो दोनों चलती ट्रेन से कूद गए और पुल के रास्ते भाग गए। इस दौरान लहूलुहान हालत में भी संजय ने उनका पीछा किया, लेकिन पकड़ नहीं पाया।
मामले की सूचना जैसे ही जीआरपी को मिली तो उन्होंने पहले घायल संजय का उपचार करवाया और उसकी शिकायत दर्ज की। जीआरपी थाने में मौजूद संजय ने बताया कि अगर दोनों टीटीई सामने आ जाएं तो वो उन्हें आसानी से पहचान सकता है। उसने बताया कि दोनों टीटीई युवा थे और 22 से 25 वर्ष की उम्र के थे।
वर्जन
अमृतसर-बनमनखी जनसेवा एक्सप्रेस में तैनात दो टीटीई ने एक यात्री को मारपीट कर बुरी तरह से घायल कर दिया था। ट्रेन के अंबाला पहुंचने पर पहले यात्री का उपचार करवाया गया और फिर उसने अपनी शिकायत दी। इस मामले की ओर से सीसीटीवी फुटेज खंगाली जाएगी और ट्रेन में तैनात टीटीई की जानकारी रेलवे से मांगी जाएगी।
राजकुमार, जांच अधिकारी, जीआरपी, अंबाला।