संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। छावनी रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने चंडीगढ़ से अवैध रूप से शराब तस्करी कर बिहार ले जाए जा रहे दो युवकों को काबू किया है।
आरोपियों के कब्जे से अंग्रेजी शराब की कुल 30 बोतलें बरामद की गई हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम और बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
27 अक्तूबर की रात को सीआईबी आरपीएफ के सब-इंस्पेक्टर सुमीत कुमार अपनी टीम के साथ प्लेटफॉर्म नंबर 1 से 1-ए की तरफ संयुक्त चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान दो संदिग्ध युवक अपनी पीठ पर काले रंग के पिट्ठू बैग लादे हुए आते दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर दोनों ने अचानक मुड़कर वापस भागने की कोशिश की, जिससे संदेह गहरा गया। सतर्क सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत दोनों को घेरकर पकड़ लिया। पकड़े गए युवकों की पहचान बिहार के सहरसा निवासी अभिषेक कुमार और आलोक कुमार के रूप में हुई है।
तलाशी लेने पर आरोपी अभिषेक के बैग से रॉयल स्टैग व्हिस्की की 12 और ग्रैंड पार्टी वोडका की 3 बोतलें तथा आरोपी आलोक के बैग से ग्रैंड पार्टी वोडका की 15 बोतलें बरामद हुईं। सभी बोतलों पर फॉर सेल इन चंडीगढ़ (यूटी) ओन्ली लिखा हुआ था।