अंबाला। सीआईए-1 की टीम ने छोटा बड़ौला गांव में 19 जुलाई को युवक अंकित की हत्या मामले में फरार चल रहे दो इनामी बदमाश को काबू किया है। ये आरोपी करीब चार माह से फरार चल रहे थे और आरोपियों पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम था। पुलिस ने बडौला गांव निवासी मनिंद्र सिंह व जागीर रोड गांव निवासी यादविंद्र को 16 अक्तूबर को दुखेड़ी मोड़ के पास से पकड़ा है। आरोपियों से देसी पिस्टल और एक कारतूस बरामद किया। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
सीआईए-1 टीम प्रभारी हरजिंद्र सिंह ने बताया कि 19 जुलाई को पुरानी रंजिश के चलते बाइक पर जा रहे युवक अंकित का रास्ता रोककर आधा दर्जन बदमाशों ने डंडें, बिंडों व रॉड से हमला कर अधमरा कर दिया था। उपचार के दौरान अंकित को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। घायल के पिता का आरोप था कि जमकर पिटाई करने के बाद बेहोशी की हालत में बेटे के गले में रस्सा डालकर उसे कुरड़ी के खदान में खींच कर डाल दिया था। जिससे मुंह में गंदा पानी आ गया। उस समय अंकित की बिगड़ती हालत को देखते हुए चंडीगढ़-32 जीएमसीएच रेफर कर दिया था। अंबाला सदर थाना पुलिस ने रोहताश की शिकायत पर मनिंद्र सिंह, कुलविंद्र सिंह उर्फ भोला, सुरेंद्र पाल, जगदीप, बलजिंद्र, जस्सी, रामपाल पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।