माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला। हरियाणा के ऊर्जा, श्रम एवं परिवहन मंत्री अनिल विज द्वारा बीते वीरवार को दो चौकी प्रभारियों के निलंबन निर्देशों की तामील हो गई है। शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने कार्रवाई की है। कर्तव्य में घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता और उच्च अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने के आरोप में दो अलग-अलग पुलिस चौकियों के प्रभारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
सस्पेंशन के दौरान दोनों अधिकारियों को पुलिस लाइन, अंबाला ट्रांसफर कर दिया गया है। हाउसिंग बोर्ड पुलिस चौकी इंचार्ज एएसआई गुरदेव सिंह संगीन अपराध की सूचना मिलने के बावजूद एफआईआर दर्ज न करने और ढिलाई बरतने पर एसपी ने सस्पेंड कर दिया। दूसरी कार्रवाई तोपखाना पुलिस चौकी के प्रभारी एएसआई सुखविंदर सिंह के खिलाफ हुई है। एसपी अजीत सिंह शेखावत ने कहा संज्ञेय अपराध की शिकायत मिलने पर तुरंत मामला दर्ज करना अनिवार्य है। ड्यूटी में किसी भी तरह की कोताही और जनता की सुनवाई न करने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। संवाद