अंबाला सिटी। शहर में बुधवार को दो लोगों की बुखार आने के बाद संदिग्ध हालात में मौत हो गई। दोनों मृतक मजदूरी करते थे। चिकित्सकों का कहना है कि दोनों के मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगा।
अंबाला के कोड़वा खुर्द के रहने वाले जसबीर सिंह ने बताया कि उसके चाचा जोगिंद्र सिंह मजदूरी का काम करते थे। बीते कई दिनों से वे शहजादपुर में एक फैक्टरी में काम कर रहे थे। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे लू लगने से उन्हें बुखार हुआ था। इसके चलते उनके सहकर्मियों ने डॉक्टर को बुलाने की बात कही लेकिन जोगिंद्र ने कहा कि वह आराम करके ठीक हो जाएंगे। शाम होते ही जोगिंद्र की तबियत बिगड़ गई। इसके बाद बुधवार शाम पांच बजे परिजन जोगिंद्र को लेकर शहर के नागरिक अस्पताल पहुंचे। जहां पर 15 मिनट बाद ही जोगिंद्र की मौत हो गई। भतीजे जसबीर ने बताया कि उसके चाचा जोगिंद्र को मरने से पहले खून की उल्टी भी कर रहे थे। वहीं मुंह से झाग भी निकल रहा था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
वहीं दूसरे मामले में अंबाला के धूलकोट में मजदूरी का काम करने वाले श्रमिक 32 वर्षीय रवि कुमार की मौत हो गई। श्रमिक जम्मू के कठुआ का रहने वाला था और अंबाला के धूलकोट में मजदूरी का काम करता था। ठेकेदार ने बताया कि बुधवार को रवि छुट्टी पर था और धूलकोट में ही काम की जगह पर ही आराम कर रहा था। इसी दौरान उसे बुखार हुआ। बुधवार को शाम साढ़े छह बजे सहकर्मी उसे लेकर शहर के नागरिक अस्पताल में पहुंचे जहां पर उसकी मौत हो गई। रवि के दो बच्चे हैं और उसका परिवार कठुआ में ही रहता है। अपना पेट पालने के लिए रवि अंबाला में मजदूरी करने आया था। वहीं रवि के शव को समाजसेवी हर्ष सेठी व उनके साथियों ने अपने खर्च पर उसके घर पहुंचाया गया।
फोटो: 8