जिले में कोरोना से मौत का सिलसिला अभी थमता नजर नहीं आ रहा है। मंगलवार को कोरोना से दो लोगों की मौत हो गई। अभी भी अस्पतालों में करीब 130 मरीजों की हालत गंभीर है। यह मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट और वेंटिलेटर सपोर्ट के सहारे सांसे ले रहे हैं। हालांकि इस समय जिलेभर के विभिन्न अस्पतालों में करीब 165 मरीज भर्ती हैं। सरकारी अस्पतालों की बात करें तो जिले के सरकारी अस्पतालों में इस समय 85 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट और करीब 20 मरीज वेंटिलेटर सपोर्ट पर कोरोना से जिंदगी के लिए जंग लड़ रहे हैं। जिले में अब तक कोरोना से 482 लोगों की जान जा चुकी है।
जिले में कोरोना की अब तक की स्थिति
जिले में अब तक 29490 केस संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें मंगलवार को 50 नए संक्रमित मरीज भी शामिल हैं। हालांकि राहत इस बात की है कि इनमें से 28403 को अभी तक डिस्चार्ज भी किया जा चुका है। जिले में इस समय 605 केस एक्टिव हैं इनमें से 455 होम आइसोलेशन में हैं। यानी इन सभी की हालत अभी खतरे से बाहर है। जिले में कोरोना से मौत की रफ्तार 1.61 फीसदी चल रही है हालांकि संक्रमण दर घटने से रिकवरी रेट बढ़कर 96.31 प्रतिशत तक पहुंच चुका है। इस समय कोरोना की डब्लिंग दर 175 दिन हो गई है। जिले में वर्तमान में एक्टिव कंटेनमेंट जोन की संख्या बढ़कर 217 हो चुकी है।
सैंपलिंग की स्थिति
जून के पहले दिन 2386 सैंपल लिए गए। दो लोगों की पहले दिन मौत हुई। जो सैंपल लिए गए हैं उनकी रिपोर्ट दो जून को मिलेगी। अभी तक जिले में 4 लाख 5 हजार 278 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। इनमें से 61596 सैंपल एंटीजन किट से लिए गए हैं बाकी सैंपल आरटीपीसीआर से किए गए हैं।
वैक्सीनेशन की स्थिति
जिले में मंगलवार को 4602 लोगों को टीका लगाया गया। इनमें से 64 फ्रंटलाइन वर्कर को पहला और 36 को दूसरा, 3 हेल्थ वर्कर को पहला और 13 को दूसरा टीका लगा। इसी तरह 18 से 44 आयुवर्ग के 4035 लोगों को पहला टीका लगा। 45 से 60 आयुवर्ग में 411 को पहला और 244 को दूसरा, 60 से अधिक आयुवर्ग में 89 को पहला और 75 को दूसरा टीका लगा। अब तक जिले में 4 लाख 20 हजार 558 को कोरोना से बचाव का टीका लग चुका है।