अंबाला। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने शहर के अग्रसेन चौक से 10 हजार की रिश्वत लेते दो होमगार्ड के जवानों को रंगे हाथों पकड़ लिया। शिकायतकर्ता ने जैसे ही रुपये होमगार्ड के जवानों को थमाए तो टीम ने दबिश दे दी।
बताया जाता है कि होमगार्ड हरविंद्र और चरणजीत सिंह ने नशे के झूठे मामले में फंसाने की एवज में पैसों की डिमांड की थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि पहले 50 हजार रुपये मांगे थे लेकिन झूठे केस में फंसने के डर से 20 हजार रुपये में बात हुई थी। चौकी नंबर तीन के दोनों होमगार्ड को दो दिन पहले भी 10 हजार रुपये दिए थे। फिर पैसे मांगे तो इसकी सूचना और पैसे मांगने की रिकॉर्डिंग एसीबी अंबाला की टीम को दी थी।
टीम ने दोनों होमगार्ड जवानों को पकड़कर मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। वहीं, शिकायतकर्ता और होमगार्ड हरविंद्र के बीच आपस में हुई बातचीत की एक वीडियो भी सामने आई है। अंबाला सिटी थाना प्रभारी सुनील दत्त ने बताया कि दोनों होमगार्ड चौकी नंबर तीन के है लेकिन उन्हें पूरे मामले की जानकारी नहीं है।
दबिश का फायदा उठा धमका रहे थे जवान
शिकायतकर्ता सुखदीप सिंह ने बताया कि वह पंजाब के दमकल विभाग में कार्यरत है। जीजा सुखबीर और दीदी संतोष रानी सिटी में ही किराये पर रहते हैं। जीजा के पड़ोस में रहने वाला नशे का काम करता था। कुछ दिन पहले दीदी और जीजा घर पर नहीं थे। तभी घर में बच्चों के पास पड़ोसी नशीले कैप्सूल का बैग रखकर चला गया। तभी पंजाब की स्पेशल टीम ने दबिश देकर आरोपियों को पकड़ लिया। साथ ही उनके घर से बैग ले गए थे। पंजाब पुलिस की टीम के साथ चौकी नंबर तीन के दो होमगार्ड हरविंद्र और एक अन्य जवान थे। उस समय तो सब खत्म हो गया था। इस मामले में उनकी कोई संलिप्तता नहीं थी। कुछ दिन बाद ही होमगार्ड हरविंद्र व एक अन्य होमगार्ड उनके घर आया। पैसों की डिमांड करने लगा। बोला कि नहीं दिए तो झूठे केस में फंसा देंगे। शिकायतकर्ता ने कहा कि पहले तो होमगार्ड उसकी दीदी को बात कर रहा था। जब उसके पास फोन आया तो होमगार्ड के जवानों ने फिर से पैसे मांगे। बोले कि यह तो देने पड़ेंगे। 50 हजार की जगह 20 में बात हुई थी। 14 जुलाई को जगाधरी गेट पर होमगार्ड हरविंद्र को करीब 10 हजार रुपये की राशि दी थी। वो लेने के बाद लगातार तंग कर रहे थे। मंगलवार को उन्हें 10 हजार रुपये देने के लिए अग्रसेन चौक के पास बुलाया था।
हरविंद्र और शिकायतकर्ता के बीच बातचीत
शिकायतकर्ता - हां जी क्या हाल है
होमगार्ड हरविंद्र - बढ़िया
शिकायतकर्ता - किधर हो
हरविंद्र - ड्यूटी पर
शिकायतकर्ता - मैं वहीं आया था जी जहां आप उस दिन मिले थे, आप बताओं कि किधर आना, वहीं थाने में आना कि यहीं आओगे आप।
हरविंद्र - अभी तुम जिस तरह कर रहे हो कर लो, हम कार्रवाई करके दिखा देंगे
शिकायतकर्ता -नहीं कोई नहीं, मिल लो, जिस तरह आप कहोगे कर लेंगे
हरविंद्र - तेनू सही तरीका बताया, थम सही तरीके नहीं चलदे हैं, टाइम दे दिया है आज का, आवा तो ठीक है नहीं तो चक लाएंगे घर से।
शिकायतकर्ता - कोई नहीं भाई आजो, आपां बात कर लेंगे, मैं आप वाला काम कर दूंगा, निबेड़ा आपां तो
होमगार्ड हरविंद्र - चल आरा मैं वहीं
अंबाला सिटी में होमगार्ड के जवानों पर कार्रवाई करती हुई एसीबी की टीम