अंबाला सिटी। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम की ओर से उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए एक बिजली अदालत का आयोजन किया गया। यह अदालत अग्रसेन चौक स्थित विद्युत सदन के द्वितीय तल पर कार्यकारी अभियंता यूएचबीवीएन ऑपरेशन कार्यालय में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता कार्यकारी अभियंता हरीश कुमार ने की। सुबह 11बजे से दोपहर 1 बजे तक चली इस बिजली अदालत में दो शिकायतें आईं, जो बिजली कनेक्शन कटने से जुड़ी थीं। उपभोक्ताओं ने आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए किश्तों में बकाया राशि भरकर अपने कनेक्शन दोबारा चालू करवाने को लेकर गुहार लगाई। कार्यकारी अभियंता हरीश कुमार ने दोनों शिकायतें संबंधित एसडीओ को मार्क कर दीं और नियमानुसार किस्तों में भुगतान करवाकर जल्द से जल्द कनेक्शन बहाल करने के निर्देश दिए।