अंबाला। तोपखाना के निकट सर्वेंट क्वार्टर को निशाना बनाते हुए चोर करीब ढाई तोले सोना व 400 ग्राम चांदी के गहने चोरी कर ले गए। वारदात के समय पीड़िता घर के सामने बने बगीचे में पौधों को पानी देने गई थी। डेढ़ घंटे के बाद घर गए तो देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी में गहनों से भरा काला पर्स नहीं मिला। अंबाला कैंट थाना पुलिस ने अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। माल रोड आरएचए मैस रोड स्थित कोठी नंबर 36 के सर्वेंट क्वार्टर निवासी विद्या देवी ने बताया कि घर किराये पर लिया हुआ है और अकेली रहती है। 19 मई को दोपहर 1 बजे के करीब वह घर के मुख्य दरवाजे पर ताला लगाकर ठीक सामने बने बगीचे में पौधों को पानी देने गई थी। घर का अंदरूनी दरवाजा पूरी तरह बंद नहीं होता था, इसलिए वह बाहर ताला लगाकर गई थीं। कोठी के साथ सटी हुई दीवार भी टूटी हुई है, जिसका फायदा उठाकर चोर अंदर दाखिल हुआ।