दिल्ली से अंबाला कैंट शादी समारोह में शामिल होने आ रहे कार सवार दंपति को शनिवार शाम करीब पांच बजे अन्य कार चालक ने टक्कर मार दी। हादसा जीटी रोड पर मोहड़ा पुल के पास हुआ। घायल दंपत्ति को निजी अस्पताल में ले जाया गया जहां महिला को मृत घोषित किया गया। मोहड़ा पुलिस ने महिला के पति की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में दिल्ली के लक्ष्मी नगर निवासी इकबाल ने बताया कि दिल्ली में उनका टैक्सी स्टैंड है। शनिवार को वह अपनी पत्नी परमजीत के साथ अंबाला कैंट स्थित रामपुर सरसेहड़ी में अपने जीजा जितेंद्र के भाई की शादी में शामिल होने के लिए कार से आ रहे थे। जैसे ही वह कार में मोहड़ा पुल के पास पहुंचे तो दूसरी लेन से अनियंत्रित हुई एक कार डिवाइडर को तोड़ते हुए उनकी कार से टकरा गई। टक्कर लगने से वह और उनकी पत्नी घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुुंची पुलिस ने सभी घायलों को पास ही निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां परमजीत को मृत घोषित किया गया। आरोपी कार चालक मौके पर कार को छोड़कर फरार हो गए। बताते हैं कि आरोपी चालक ने इकबाल की गाड़ी के अलावा एक अन्य वाहन को भी टक्कर मारी थी। क्षतिग्रस्त वाहनों को पुलिस ने क्रेन की सहायता से साइड में करवाया। इस दौरान मौके पर जाम भी कुछ समय के लिए लग गया था। एएसआई राजबीर ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी कार चालक की तलाश आरंभ कर दी है। उसकी गाड़ी के आधार पर उसका पता लगाया जाएगा।