संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। कैंट के गोल चक्कर पर कार की चपेट में आकर बाइक सवार दो युवक चोटिल हो गए। यह हादसा रविवार को सुबह 11 बजे हुआ। कार चालक द्वारा ट्रैफिक लाइटों को पार करने के चक्कर में हादसा हुआ। कार चालक बाइक सवार तोपखाना निवासी अंकित व सुनील को उपचार के लिए कैंट के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचा था, जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी मिल गई थी।
अंकित ने बताया कि वह अपने भाई मोहित को लेने के लिए कैंट रेलवे स्टेशन जा रहे थे। वह अपनी साइड पर ट्रैफिक लाइटें ग्रीन होने पर चले थे। तभी एयरफोर्स स्टेशन की तरफ से आए कार चालक ने देखते ही देखते टक्कर मार दी। अंकित के पैर पर चोटें आई हैं व सुनील की बाजू व सिर पर दो टांके आए। अब तक घायलों की तरफ से किसी के खिलाफ तहरीर नहीं दी गई। अस्पताल से छुट्टी लेने के बाद वह घर लौट गए।