अंबाला। बीडी फ्लोर मिल के पीछे रहने वाले अवधेश व एक अन्य से हुई 22 हजार 700 रुपये की छीनाझपटी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पुलिस ने राजा और पटियाला निवासी डेलू को धर दबोचा। इस मामले में इससे पहले पुलिस ने डेहा कॉलोनी अंबाला छावनी निवासी भोकाल को गिरफ्तार कर तीन दिन के रिमांड पर लिया था। रिमांड के दौरान आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों के नाम भी उगल दिए। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वीरवार को दो अन्य आरोपियों को काबू कर लिया।
बीते सोमवार को अवधेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि बस स्टैंड अंबाला छावनी के नजदीक सब्जी मंडी में वह रेहड़ी लगाता है। वह सुबह करीब साढ़े 4 बजे वह साइकिल पर सवार होकर सब्जी मंडी में जाने के लिए रामबाग रोड नजदीक नाला के पास पहुंचा था। इसी दौरान तीन व्यक्तियों ने चारा काटने वाली दुकान के पास उसे रोक लिया और चाकू के बल पर मोबाइल फोन सहित 10 हजार 200 रुपये छीन लिया। इसी दौरान जब उसका परिचित पवन कुमार वहां आया तो आरोपियों ने उसे भी पकड़ लिया और उसके पास से भी 12500 रुपये छीनकर फरार हो गए।