- पार्षदों ने विकास कार्य रोकने के लगाए आरोप, सचिव को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बराड़ा। नगरपालिका में पार्षदों और चेयरमैन के बीच चल रही खींचतान खुलकर सामने आ गई है। सोमवार को करीब छह से अधिक पार्षदों ने नगरपालिका सचिव को ज्ञापन सौंपा। चेयरमैन रजत मलिक पर मनमानी, पक्षपातपूर्ण रवैया और वार्डों में विकास कार्य जानबूझकर रोकने के आरोप लगाए। ज्ञापन में पार्षदों ने कहा कि शहर के कई वार्डों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं, जबकि स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी हैं जिससे रात के समय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पार्षदों का आरोप है कि बार-बार शिकायतों और प्रस्तावों के बावजूद न तो सुनवाई हो रही है और न ही ठोस कार्रवाई। पार्षद प्रतिनिधि दीपक राणा ने आरोप लगाया कि उनके द्वारा सुझाए गए विकास कार्यों को जानबूझकर दबाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावों को आगे बढ़ाने के बजाय फाइलों को दराज में बंद कर दिया जाता है और साफ शब्दों में कहा जाता है कि काम केवल चेयरमैन की मर्जी से ही होगा।
नालों की अधूरी सफाई
मनोनीत पार्षद सोहनलाल प्रजापत ने कहा कि जलभराव से निपटने की कोई तैयारी नजर नहीं आ रही। नालों की सफाई अधूरी है और यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो शहर को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। इस दौरान पार्षद शमशेर सिंह, प्रवेश मेहंदीरत्ता, अमित मक्कड़़, संदीप कोहरा, सोहन लाल भी मौजूद रहे।
कर्मचारियों के खिलाफ खोला था मोर्चा
31 दिसंबर 2025 को खुद नगर पालिका चेयरमैन ने पार्षदों के साथ मिलकर नगर पालिका कार्यालय पर ताला जड़ने का एलान कर दिया था। तब आरोप था कि नगर पालिका बराड़ा के कर्मचारी और अधिकारी उनकी समस्याओं और विकास कार्यों में अडंगा लगा रहे थे। मगर बाद में बैठक कर दोनों पक्षों ने मामले को सुलझा लिया था।
मैं पंचकूला गया था। मुझे आज के दिन पार्षदों के आने और उनके ज्ञापन देने की सूचना नहीं थी। बराड़ा में भाजपा सरकार के मार्गदर्शन में बिना किसी भेदभाव के चहुंमुखी विकास हो रहा है। किसी भी वार्ड के साथ सौतेला व्यवहार नहीं किया जा रहा है। नगर पालिका के कार्यालय में आकर सचिव, एमई और जेई से विकास कार्यों का फीडबैक लूंगा।
- रजत मलिक, चेयरमैन नगरपालिका बराड़ा