दिल्ली से चंडीगढ़ जा रहे ट्रक को बस ने टक्कर मार दी जिसके कारण ट्रक मोहड़ा पुल से नीचे जा गिरा और क्षतिग्रस्त हो गया। घायल ट्रक चालक को कैंट सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मोहड़ा चौकी प्रभारी ब्रह्मदत्त ने बताया कि रविवार अलसुबह बिस्कुट लोड कर ट्रक दिल्ली से चंडीगढ़ की और जा रहा था। जैसे ही वह मोहड़ा ओवरब्रिज पर पहुंचा तो ट्रक के आगे आवारा पशु आ गया। जिसके कारण ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। ट्रक के पीछे आ रही बस ट्रक से जा टकराई। इसके बाद ट्रक का बैलेंस बिगड़ गया और ट्रक पुल से नीचे जा गिरा और पलट गया। इससे ट्रक चालक घायल हो गया, जिसे कैंट सिविल अस्पताल में पहुंचाया गया। घायल की पहचान यूपी के आजमगढ़ निवासी राजू यादव के रूप में हुई। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
रेलवे कॉलोनी में नाले में गिरा ट्रैक्टर-ट्रॉली
दूसरी ओर अंबाला कैंट रेलवे कॉलोनी में भी बड़ा हादसा होते-होते बच गया। दोपहर को यहां एक ट्रॉली नाले में जा गिरी। लोगों ने बताया कि कालीपलटन पुल महीनों से बंद होने की वजह से लोग अपने बड़े वाहन रेलवे कॉलोनी से निकाल रहे हैं। इसी वजह से ये हादसा हुआ। लोगों के अनुसार रेलवे कॉलोनी में नाले के पुल के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली गुजर रही थी, तभी दूसरी ओर से एक कार भी आ गई। अचानक टकराव की संभावना से बचने के लिए ट्रैक्टर का बैलेंस बिगड़ा और ट्रैक्टर नाले में फंस गया। इस दौरान वहां बड़ा हादसा होने से टल गया।