अंबाला। हिमाचल से करनाल जा रहे ट्रक ड्राइवर का रास्ता रोक कर बाइक सवार युवकों ने हमला कर दिया। ट्रक का अगला शीशा तोड़ा तो चालक ने ट्रक भगा लिया। पीछा कर रहे बदमाशों ने ट्रक रोक कर डंडों व बिंडों से जमकर पिटाई कर दी। इतना ही नहीं बदमाश जाते समय ट्रक से करीब 20 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। पंजोखरा पुलिस ने मंडौर निवासी गोल्डी सहित चार लड़कों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मंडौर गांव स्थित सुंदर नगर कॉलोनी निवासी चालक सुनील कुमार ने बताया कि वह हिमाचल के बद्दी गया था। बद्दी से खाली कांच की बोतलें लोड कर वह 14 दिसंबर को करनाल के लिए चला था। रात करीब नौ बजे मंडौर गांव के पास लिंक रोड सुंदर नगर की ओर जिंदल फोम गद्दा कंपनी के सामने पहुंचा। इस दौरान बाइक पर चार बदमाश आए। हाथों में डंडे व बिंडे लिए बदमाशों ने ट्रक रुकवाते ही अगला शीशा तोड़ दिया। घबराने के बाद उसने ट्रक भगा लिया। इतने में पीछा करते आ रहे बदमाशों ने उसे सुंदर नगर मोड़ पर ही रोक लिया और बाजू, टांग पर कई वार किए। परिजनों को सूचना देने के लिए फोन मिलाया तो बदमाशों ने उसे भी तोड़ दिया। इतने में हमलावर फरार हो गए। जैसे ही उसने ट्रक में देखा तो उसकी करीब 20 हजार रुपये की नकदी भी ट्रक से गायब थी।