अंबाला। साइक्लिंग क्लब ने आजादी के अमृत महोत्सव के तहत गणतंत्र दिवस पर तिरंगा साइकिल यात्रा का आयोजन किया। जग्गी सिटी सेंटर से शुरू हुई इस यात्रा को भारतीय सेना के कर्नल सचिन पुरी ने झंडा दिखाकर रवाना किया। कर्नल पुरी स्वयं साइकिल पर इस यात्रा में शामिल रहे। यह यात्रा साइकिल यात्रा कैंट में मिलिट्री एरिया, एसडी स्कूल इत्यादि विभिन्न स्थानों से होती हुई शहर के हर्बल पार्क पर संपन्न हुई। इसमें साइक्लिंग क्लब अंबाला के 45 से ज्यादा साइकिल सवारों ने भाग लिया। इस दौरान हर साइकिल पर तिरंगा शान से लहरा रहा था। साइकिल सवार भारत माता की जय घोष से देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत कर रहे थे। यात्रा के अंत में साइकलिंग क्लब अंबाला के फाउंडर पारस सेठी ने कर्नल पुरी को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। यात्रा को सफल बनाने में विपिन धवन, अमरेश गर्ग, विशाल बांगा, विशाल कोहली, मनोज चहल, अर्चित गुगलानी और जतिन छाबड़ा का योगदान रहा।