अंबाला सिटी के पुलिस लाइन मैदान में पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भोरिया शहीदों के बारे में बताते
अंबाला सिटी। पुलिस लाइन मैदान में सोमवार को पुलिस स्मृति और झंडा दिवस मनाया गया। इस अवसर पर देश के लिए शहीद हुए पुलिस और अर्ध सैनिक बल के जवानों को जिला पुलिस अंबाला की तरफ से श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
अधिकारियों और कर्मचारियों की ओर से एक-दूसरे की शर्ट पर पुलिस ध्वज लगाकर पुलिस झंडा दिवस मनाया गया। अंबाला के पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भोरिया ने देश के लिए शहीद हुए पुलिस और अर्द्ध सैनिक बल के जवानों को पुष्प चक्र अर्पित कर नमन किया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि देश की रक्षा कर अपने प्राण न्यौछावर करने वाले शहीद हमारे देश की अमूल्य धरोहर हैं।
उन्होंने कहा कि देश की सीमा की रक्षा में लगे सैन्य बलों के बलिदान की कई कहानियां सुनी होंगी लेकिन हमारे पुलिसकर्मियों के शौर्य और बलिदान का इतिहास किसी से कम नहीं है। कुछ ऐसा ही साल 1959 में हुआ था। जब पुलिसकर्मी पीठ दिखाने की बजाए चीनी सैनिकों की गोलियां सीने पर खाकर शहीद हुए थे। उसकी याद में हर साल पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।
साहा और बराड़ा में जाकर किए श्रद्धासुमन अर्पित
साहा। शहीद बहादुर हवलदार प्रीता राम के पैतृक गांव रामपुर थाना साहा में उप पुलिस अधीक्षक बराड़ा व शहीद बहादुर सिपाही करनैल सिंह के पैतृक गांव बड़ा गांव थाना नारायणगढ़ में उप पुलिस अधीक्षक नारायणगढ़ ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी एवं उनके परिवारजनों को सम्मानित किया। पुलिस स्मृति दिवस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अंबाला के साथ- साथ एएसपी अंबाला सृष्टि गुप्ता, सच्चिदानंद मिश्रा सेकेंड इन कमांड 106 आरएएफ, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय विजय कुमार अन्य राजपत्रित अधिकारी एवं पुलिस कर्मचारियों ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की ।