शहीद स्मारक में ओपन एयर थिएटर का ट्रायल देते कैबिनेट मंत्री अनिल विज। प्रवक्ता
- आजादी की पहली लड़ाई को समर्पित शहीद स्मारक बनकर है तैयार
माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला। ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने आजादी की पहली लड़ाई के शहीद स्मारक के ओपन एयर थिएटर में प्रदर्शित किए जाने वाले लाइट एंड साउंड शो का अवलोकन किया। लाइट एंड साउंड शो बनाने वाली मुंबई की टीम के निदेशक लेखक एवं कलाकार अतुल तिवारी भी इस दौरान मौजूद रहे। मेमोरियल टावर सहित पांच अलग-अलग स्क्रीन पर प्रदर्शित किए जाने वाले लाइट एंड साउंड शो को बेहद अलग अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा। गत देर शाम इसका अवलोकन करते हुए ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने टीम को कुछ बिंदुओं पर दिशा-निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने बिंदुओं पर भी चर्चा की और दिशा-निर्देश दिए।
मंत्री अनिल विज ने कहा कि शहीद स्मारक के ओपन एयर थिएटर में रोजाना लाइट एंड साउंड शो होगा जोकि आकर्षण का केंद्र होगा। लाइट एंड साउंड शो को बेहद आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने लाइट एंड साउंड शो तैयार करने वाली टीम से चर्चा की।
रोजाना होगा शो
शहीद स्मारक के ओपन एयर थिएटर में प्रदर्शित होने वाला लाइट एंड साउंड शो आकर्षण का केंद्र होगा। ढाई हजार लोगों की क्षमता वाले ओपन एयर थिएटर में रोजाना शो होगा। यहां पांच अलग-अलग स्क्रीन होगी और थिएटर में बैठकर दर्शकों को गौरवशाली इतिहास देख आनंद की अनुभूति होगी। ओपन एयर थिएटर में 205 फुट ऊंचे कमल के आकार के मेमोरियल टॉवर पर प्रोजेक्शन के जरिए इतिहास को प्रदर्शित किया जाएगा। 1857 में आजादी की पहली लड़ाई को समर्पित शहीद स्मारक बनकर तैयार है। जल्द इसका उद्घाटन होगा। स्मारक लगभग 700 करोड़ रुपये की लागत से 22 एकड़ में बना है जिसमें 22 गैलरियों में आजादी की पहली लड़ाई से जुड़े इतिहास को विभिन्न माध्यमों से और बेहद आकर्षक तरीकों से प्रदर्शित किया जाएगा।